"लखनऊ: अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, BJP पर लगाया आरोप"
Akhilesh Yadav Questions Election Commission's Impartiality
लखनऊ। Akhilesh Yadav Questions Election Commission's Impartiality, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि वह भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है। दादरी रैली में मिले जनसमर्थन का हवाला देते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में भी विपक्ष को सावधान रहकर हर स्तर पर मुकाबला करना होगा।
2027 के विधान सभा चुनावों को देखते हुए प्रदेश में “साजिशों” का दौर तेज हो सकता है। इनसे हमें सावधान रहना होगा। उन्होंने कहा कि “हमारी जानकारी में है कि जैसे ही अन्य राज्यों में चुनाव खत्म होंगे, भाजपा की पूरी मशीनरी उत्तर प्रदेश की ओर रुख करेगी। हम करीब से देख रहे हैं कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां निर्वाचन आयोग और भाजपा मिलकर कैसे काम कर रहे हैं।”
2024 चुनाव का किया जिक्र
सपा के प्रदेश मुख्यालय में जिला संगठनों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कान्फ्रेस में अखिलेश ने कहा कि पार्टी ने 2024 में बहुत शानदार काम किया था। पीडीए की आवाज बुलंद की थी। आज हम सबने मिलकर सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सरकार बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि दादरी में जुटी भीड़ ने सत्ता पक्ष की बेचैनी बढ़ा दी है और इसी वजह से अब भाजपा नेताओं की भाषा बदल गई है। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन सपा के साथ खड़ा है और यही कारण है कि भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताते हुए कहा कि आने वाले समय में मुकाबला और तेज होगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना जरूरी है।
अब प्रदेश में बदलाव का माहौल : अखिलेश
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “अच्छे दिन” का वादा पूरा नहीं हुआ और अब प्रदेश में बदलाव का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान अधिकारियों को लेकर भाजपा ने भी शिकायतें कीं, लेकिन बाद में किसी पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रशासनिक तंत्र में असंतोष है। बंगाल में जो भी घटनाएं हो रही है, उसके लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार है।
हमारा सवाल है, पिछली बार जब यूपी का चुनाव हुआ था तो क्या इतने अधिकारी हटाए गये थे, जितने बंगाल में हटाए जा रहे हैं। भाजपा के भ्रष्टाचार से वे अधिकारी भी निराश और दुखी है जिनसे चुनाव में भाजपा ने काम लिया था। भाजपा ने अधिकारियों को चुनाव में अपने पक्ष में काम तो ले लिया लेकिन उनका काम नहीं किया। क्या चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल की तरह अधिकारियों को हटाएगा।
किडनी कांड में बोले इसमें भाजपा से जुड़े लोग हैं शामिल
कानपुर किडनी कांड को लेकर भी अखिलेश ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि इसमें भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं, लेकिन संबंधित मंत्री इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री को अपने ही विभाग के डाक्टर से आंखों की जांच करानी चाहिए। अंत में कहा कि पार्टी पहले मतदाता सूची दुरुस्त कराने पर ध्यान देगी और इसके बाद अगली रैली की घोषणा कर चुनावी अभियान को और धार दी देगी।