'अच्छे दिनों का सिलेंडर खाली': अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला
Akhilesh Yadav launches an all-out attack on the BJP government
लखनऊ। Akhilesh Yadav launches an all-out attack on the BJP government, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सवाल उठाए हैं। सपा प्रमुख ने बुधवार को एक्स पर लिखा, ‘खाली हो गया भाजपा के अच्छे दिनों का सिलेंडर!’ उन्होंने अयोध्या में राम-रसोई व प्रसाद की परंपरा बाधित होने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा।
सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा कि सिलिंडर की लाइन में घंटों लगने के बाद जब लोगों को ये बताया जा रहा है कि जब तक उपभोक्ता के पास डीएसी (डिलीवरी आथेंटिकेशन कोड) नंबर नहीं होगा, तब तक सिलिंडर नहीं मिलेगा तो जनता में आक्रोश तो जन्मेगा ही। जनता कह रही है अगर गैस कंपनियों का सर्वर डाउन है तो हम क्या करें, सर्वर चलाना तो सरकार की जिम्मेदारी है।
पुरानी पासबुक दिखाने के बहाने सिलेंडर न देना अमानवीय है क्योंकि बच्चे-बुजुर्ग घरों में भूखे हैं। ये सारा खेल कालाबाज़ारी करनेवाले भाजपाई खेल रहे हैं। लोगों से उनकी मजबूरी के हिसाब से कई गुना तक दाम वसूले जा रहे हैं। सपा प्रमुख ने आगे लिखा कि कभी आक्सीजन के सिलिंडर के लिए जनता भटकी थी, अब खाने की गैस के सिलेंडर के लिए भटक रही है। भाजपा ने परिवारवालों को भुखमरी के कगार पर लाकर अनाथ छोड़ दिया है।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भाजपा की गलत-नीतियों की वजह से अयोध्या में राम-रसोई व प्रसाद की सनातनी परंपरा भी टूट रही है। भाजपा की सनातन विरोधी सोच यहां तक पहुंच जाएगी, ये कभी किसी ने नहीं सोचा था।
वहीं पार्टी की ओर से जारी बयान में उन्होंने कहा है कि प्रदेश में अवैध खनन से लेकर अन्य अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहे हैं। इस सरकार में भ्रष्टाचार और संसाधनों की लूट चरम पर है। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए है। लगता है इस मामले में दिल्ली और लखनऊ की मिलीभगत है। तभी न दिल्ली के ड्रोन को ये दिनदहाड़े का अवैध खनन दिखाई दे रहा है और न ही दूरबीन को। रही बात लखनऊ वालों की तो उन्होंने तो पहले ही बहाने की तरह काला चश्मा लगा लिया है, जिससे न दिखेगा अपराध, न करनी पड़ेगी कार्रवाई।