पीएम मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- 'वोट मिलते ही सामने आया खोट'
Akhilesh Yadav Attacks PM Modi's Appeal
लखनऊ। Akhilesh Yadav Attacks PM Modi's Appeal, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही, ‘संकट’ याद आ गया! दरअसल, देश के लिए ‘संकट’ सिर्फ एक है और उसका नाम है ‘भाजपा’। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि इतनी सारी पाबंदियां लगानी पड़ीं तो ‘पंच ट्रिलियन डालर की जुमलाई अर्थव्यवस्था’ कैसे बनेगी? लगता है भाजपा सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गई है। डालर आसमान छू रहा है और देश का रुपया पातालोन्मुखी हो गया है।
सोमवार को पार्टी की ओर से जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि सोना न खरीदने की अपील जनता से नहीं, भाजपाइयों को अपने भ्रष्ट लोगों से करनी चाहिए, क्योंकि जनता तो वैसे भी 1.5 लाख रुपये तोले का सोना नहीं खरीद पा रही है। भाजपाई ही अपनी काली कमाई का स्वर्णीकरण करने में लगे हैं। हमारी बात गलत लग रही हो तो ‘लखनऊ से लेकर गोरखपुर’ तक पता कर लीजिए या ‘अहमदाबाद से लेकर गुवाहाटी’ तक।
उन्होंने कहा कि वैसे सारी पाबंदियां चुनाव के बाद ही क्यों याद आईं है? भाजपाइयों ने चुनाव में जो हजारों चार्टर हवाई यात्राएं कीं, वो क्या पानी से उड़ रहीं थीं? वो क्या होटलों में नहीं ठहर रहे थे या सिलिंडर की फोटो लगाकर खाना बना रहे थे? सारी पाबंदियां जनता के लिए ही हैं क्या? इस तरह की अपील से तो कारोबार-बाजार में मंदी या महंगाई की आशंका की वजह से डर के साथ घबराहट, निराशा फैल जाएगी।
सरकार का काम अपने अकूत संसाधनों का सदुपयोग कर आपातकालीन हालात से उबारना होता है, भय या अफरातफरी फैलाना नहीं। सच तो ये है कि भाजपा विदेश नीति और गृह नीति, दोनों में फेल हो गई है। ये अपील भाजपा सरकार की अपनी असफलता की स्वीकारोक्ति है।
दरअसल वोट मिलते ही भाजपा का खोट सामने आ गया। प्रधानमंत्री जी की अपील के बाद देश की जनता में अचानक आक्रोश का जो उबाल आया है, उसका प्रबंधन भाजपा किसी चुनावी-जुगाड़ की तरह नहीं कर पाएगी, अब भाजपा हमेशा के लिए जाएगी। देश कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।
यह भी पढ़ें:
उत्तर प्रदेश में शहरी गरीबों के लिए बड़ा कदम, 63 हजार से अधिक आवासों को मिली मंजूरी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने को तैयार 'अकासा एयर': बेंगलुरु और मुंबई के लिए बुकिंग शुरू