"रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हेली टिकट बुकिंग को लेकर एडवाइजरी, फर्जी वेबसाइट से सतर्क रहें"
Advisory regarding Kedarnath helicopter ticket bookings
रुद्रप्रयाग। Advisory regarding Kedarnath helicopter ticket bookings, केदारनाथ धाम के लिए हेलीकाप्टर टिकट बुकिंग को लेकर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।
यात्रियों को फर्जी वेबसाइट, इंटरनेट मीडिया विज्ञापन एवं वाट्सएप मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यात्री इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के अधिकृत हेली यात्रा पोर्टल के माध्यम से आनलाइन बुकिंग कर सकेंगे।
आधिकारिक पोर्टल https://www.heliyatra.irctc.co.in से ही हेली टिकट बुक करने की अपील की गई है, ताकि यात्री साइबर धोखाधड़ी से बच सकें।
हेली टिकटों की आनलाइन बुकिंग 10 अप्रैल से शुरू होगी। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्म पर प्रायोजित पोस्ट के जरिये साइबर ठग आकर्षक विज्ञापन दिखाकर लोगों को भ्रमित करते हैं।
इसके अतिरिक्त गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखाई देने वाले लिंक भी कई बार फर्जी हो सकते हैं, जिनके माध्यम से यूजर्स को नकली वेबसाइट पर ले जाकर ठगी का शिकार हो जाते है।
साइबर अपराधी वाट्सएप काल या चैट के माध्यम से हेलीकाप्टर टिकट बुकिंग का दावा करते हुए सीधे पैसे की मांग करते हैं तथा क्यूआर कोड स्कैन कराने का दबाव बनाते हैं, जबकि कोई भी अधिकृत कंपनी इस प्रकार की प्रक्रिया का पालन नहीं करती है।
पूर्व में कई हेली कंपनियों के नामों से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर भी यात्रियों को ठगने के मामले सामने आए हैं।
ऐसे में यात्रियों से सतर्कता एवं सावधानी बरतने के साथ ही जल्दबाजी से बचने की अपील भी की।
यह भी बरतें सावधानी
- यदि कोई व्यक्ति फोन काल के माध्यम से वीआइपी कोटा या लास्ट मिनट बुकिंग का लालच देता है तो उसे तुरंत नजरअंदाज कर ऐसे नंबरों को ब्लाक करें।
- यदि किसी श्रद्धालु के साथ साइबर धोखाधड़ी की घटना होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
रुद्रप्रयाग में तीन स्थानों से होगा हेली सेवाओं के संचालन
रुद्रप्रयाग में तीन स्थानों सिरसी, गुप्तकाशी व फाटा से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का संचालन होगा।
सिरसी से केदारनाथ तक का एक तरफ का हेली किराया 3043 रुपये, फाटा से 4840 और गुप्तकाशी से किराया 6077 रुपये रहेगा।
इसमें जीएसटी अतिरिक्त देय होगा। हेली सेवाओं के लिए आठ हेली आपरेटरों का चयन किया गया है।