जयपुर में सड़क हादसे में अभिनेत्री और मॉडल हर्षिल कालिया की मौत
Actress and Model Harshil Kalia Dies in Road Accident
नई दिल्ली। Actress and Model Harshil Kalia Dies in Road Accident, एक्टर और मॉडल हर्षिल कालिया की सड़क हादसे में मौत हो गई है। जयपुर में सोमवार रात हर्षिल कालिया की कार का खतरनाक एक्सीडेंट हुआ। उनकी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई।
जयपुर के शिप्रा पथ रोड पर हर्षिल कालिया की कार का एक्सीडेंट हुआ। कालिया रात करीब 11:30 बजे काम से घर लौट रही थीं, तभी उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। यह पूरी घटना CCTV फुटेज में कैद हो गई।
एक्टर हर्षिल कालिया की मौत
हर्षिल कालिया की कार के पलटने के बाद स्थानीय लोगों ने गाड़ी को सीधा किया और एक्टर को बाहर निकाला। इसके बाद 30 वर्षीय कालिया को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया।
हर्षिल कालिया के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि वे हादसे के सही कारण का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने हर्षिल कालिया के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिवार वालों को सौंप दिया है
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वे खास तौर पर यह जांच कर रहे हैं कि क्या गाड़ी तेज रफ्तार में थी या किसी दूसरी गाड़ी ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश की थी।
हर्षिल कालिया वेब सीरीज 'Crime Next Door' में काम कर चुकी हैं। इन्होंने एक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर भी काम किया है और कई राजस्थानी गानों में मुख्य महिला कलाकार की भूमिका निभाई है। हाल ही में वह मॉडलिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाने में सक्रिय रूप से लगी हुई थीं।