अमृतसर में मनोहर लाल खट्टर का बड़ा बयान: पंजाब में “कमल खिलाने” का लक्ष्य, राजनीतिक समीकरणों पर की खुलकर चर्चा
Manohar Lal Khattar's major statement in Amritsar
अमृतसर। Manohar Lal Khattar's major statement in Amritsar, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार को अमृतसर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा के सफल 12 साल की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी और कहा कि 11 जून को नरेन्द्र सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन गए है। उनके दूरदर्शी सोच के कारण आज देश के 22 राज्यों में एनडीए की सरकार है।
हाल ही में पश्चिम बंगाल जीता है और अब अगला लक्ष्य पंजाब में कमल खिलाना है। पंजाब में अकाली-भाजपा के दोबारा गठबंधन के सवाल पर खट्टर ने कहा कि यह पालिसी मैटर है। इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व ने लेना है। यह भी कहा कि ऐसा नहीं कि भाजपा अकेले 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी तो पीछे रह जाएगी। हरियाणा में भाजपा ने 2014 के चुनाव में अकेले लड़कर बहुमत प्राप्त किया।
खट्टर ने कहा कि भाजपा की धारणा रही है कि जिस राज्य में एक बार उसकी सरकार बन गई, उसके बाद वहां से कभी नहीं हारी। मिसाल के तौर पर 2014 के बाद हरियाणा में लगातार भाजपा की सरकार बनती आई है। उन्होंने पंजाब-हरियाणा में नाखून-मांस का रिश्ता होने की बात करते हुए कहा कि पंजाब की जनता भी इसे नजदीक से देख रही है।
हरियाणा-पंजाब पर क्या बोले खट्टर?
वर्तमान में हरियाणा, पंजाब की तुलना में काफी प्रगति कर रहा है। वर्ष 1967 में हरियाणा का बजट पंजाब की तुलना में 40 प्रतिशत था, जोकि वर्तमान में 85 प्रतिशत हो गया है। यदि पंजाब ने खुद को नहीं संभाला तो हरियाणा का बजट पंजाब से बढ़ जाएगा।
उन्होंने पंजाब में अमन-कानून की स्थिति बिगड़ने के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने में असफल है। पंजाब में ग्रेनेड हमलों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने के बारे में सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए यह झूठे आरोप लगा रही है।
ईडी की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि जो गलत काम करेगा, उस पर ईडी और सीबीआइ की रेड तो पड़ेगी ही। भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब में और कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है, लेकिन भगवंत मान नहीं। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्वेत मलिक, जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू, पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अमृतसर यूनिट के अध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल आदि उपस्थित थे।
भारत-पाक में व्यापार खोलने की बात पर कहा- अभी यह संभव नहीं
केंद्रीय मंत्री खट्टर को व्यापारियों ने भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार खोलने सहित विभिन्न मांगों पर ज्ञापन भी सौंपा। इस पर खट्टर ने कहा कि इसमें डिफेंस व अन्य बातों को ध्यान में रखकर ही निर्णय लिया जाना होता है। फिलहाल दोनों देशों के बीच संबंध अच्छे नहीं है, इसलिए अभी व्यापार शुरू होना असंभव है, अन्यथा इससे पहले समझौता एक्सप्रेस ट्रेन व बस सेवा शुरू की ही गई थी।