सोनभद्र में ट्रकों पर अश्लील गाने बजाने वालों पर कार्रवाई, 130 लाउडस्पीकर पर चला बुलडोजर

सोनभद्र में ट्रकों पर अश्लील गाने बजाने वालों पर कार्रवाई, 130 लाउडस्पीकर पर चला बुलडोजर

Crackdown on Vulgar Songs

Crackdown on Vulgar Songs

Crackdown on Vulgar Songs: यूपी के सोनभद्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के साथ संयुक्त रूप से गुरुवार को सड़क पर अनुशासन बनाए रखने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 130 हूटर/लाउडस्पीकर को हटवाकर उनका विनष्टीकरण कराया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोढ़ी टोल प्लाज, राबर्ट्सगंज नगर सहित कई क्षेत्रों में ट्रकों एवं उनके केबिन के बाहर अवैध रूप से लगाए गए हूटर/लाउडस्पीकर के माध्यम से तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। इस दौरान कुल 130 हूटर/लाउडस्पीकर को हटवाकर उनके ऊपर बुलडोजर चलाकर विनष्टीकरण कराया गया।

ऑटो और ई-रिक्शा पर भी होगा एक्शन

पुलिस की तरफ से स्पष्ट रूप से बताया गया कि इस प्रकार के उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य वाहन चालकों का ध्यान भंग कर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। अभियान के माध्यम से ट्रक मालिकों एवं चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने वाहनों में हूटर/लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ड्राइविंग करें। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सड़क पर अनुशासन बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक अपनी गाड़ी के बाहर लाउडस्पीकर लगाकर अश्लीलता भरे गाने बजाए जो थे। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी तरह से अब आटो और ई-रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कुंदरकी में नियम विरुद्ध धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर हटाए गए

एक दिन पहले मुरादाबाद जिले के कुंदरकी में प्रशासन ने शासन के निर्देशों के तहत धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर नियमों के विरुद्ध लगे लाउडस्पीकर उतरवाए। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में भी इस तरह की कार्रवाई कई बार की जा चुकी है, लेकिन कुछ स्थानों पर बाद में दोबारा लाउडस्पीकर लगा दिए जाते थे।

नियमों का उल्लंघन करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

उन्होंने कहा कि इस बार प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि हटाए गए लाउडस्पीकर दोबारा लगाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि शासन के निर्देशों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें।