एसीपी रवि कुंडिया ने संभाला बल्लभगढ़ का कार्यभार
ACP Ravi Kundia Assumes Charge of Ballabhgarh
कानून व्यवस्था मजबूत करने व अपराधियों पर शिकंजा कसने की बात कही
फरीदाबाद। दयाराम वशिष्ठ: बल्लभगढ़ में नए एसीपी के रूप में रवि कुंडिया ने कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह रोहतक में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का भरोसा दिलाया।
एसीपी रवि कुंडिया ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बल्लभगढ़ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बदमाशों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने ‘क्राइम अगेंस्ट विमेंस’ के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
एसीपी ने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षित माहौल बनाया जाएगा।