शिमला में पत्रकारों को बांटी गईं 10 लाख की एक्सीडेंटल इंशोरेंस पॉलिसी, शिक्षा मंत्री बोले - 60+ पत्रकारों को पेंशन पर सीएम सहमत
Accidental insurance policies worth ₹10 lakh distributed
शिमला, 9 जून। मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन की हिमाचल इकाई ने सोमवार को होलीडे होम शिमला में एक्सीडेंटल इंशोरेंस पॉलिसी लॉन्चिंग एवं वितरण समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की निःशुल्क बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि एसोसिएशन के मांग पत्र पर मुख्यमंत्री 60 वर्ष व उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने पर सहमत हैं। मांग पत्र में हरियाणा की तर्ज पर पेंशन, सचिवालय में प्रेस रूम, कैशलेस मेडिकल सुविधा व वेब पॉलिसी के तहत संपादकों को एक्रीडीटेशन देने की मांग रखी गई थी।
अध्यक्षता कर रहे मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि सरकार पत्रकारों की बीमा-पेंशन योजनाओं पर काम कर रही है। मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि पत्रकार कल्याण के लिए इतना व्यापक कार्य पहले किसी संगठन ने नहीं किया।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि संगठन टर्म इंश्योरेंस, हेल्थ पॉलिसी व परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा पर काम कर रहा है। हिमाचल प्रभारी संजय भुटानी ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखना जरूरी है।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अश्विनी शर्मा, डॉ. शशि भूषण, अर्चना फुल, अनिल हेडली व डीआईपीआर सिंपल सकलानी सम्मानित हुए। नोफल एक उम्मीद संस्था के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने पत्रकार परिवारों को निःशुल्क एम्बुलेंस सुविधा देने की घोषणा की।