AC Blast Triggers Massive Fire

नोएडा की 24 मंजिला सोसाइटी में AC ब्लास्ट से भीषण आग, 21वीं मंजिल का फ्लैट जलकर खाक

ac

AC Blast Triggers Massive Fire

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। घटना सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की 24 मंजिला इमारत में सुबह करीब 8:30 बजे हुई। आग 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी, जिससे पूरे फ्लोर में अफरा-तफरी मच गई।

आग की लपटें फ्लैट की खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं और कुछ ही देर में पूरा फ्लोर धुएं से भर गया। स्थिति को देखते हुए आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा दिया गया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, दमकल का पानी केवल 13वीं मंजिल तक ही पहुंच पा रहा था। इसके बाद फायर फाइटर्स ने इमारत में मौजूद अग्निशमन संसाधनों और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिस फ्लैट में आग लगी थी, उसका अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

नोएडा में हाईराइज बिल्डिंग्स के लिए अग्निशमन व्यवस्था

नोएडा में ऊंची इमारतों में आग बुझाने के लिए दमकल विभाग के पास हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर जैसी आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। वर्तमान में 30 से 42 मीटर तक की हाइड्रोलिक मशीनें लगभग 10 मंजिल तक आग बुझाने में सक्षम हैं।

विभाग जल्द ही 72 मीटर और 102 मीटर ऊंचाई तक काम करने वाली नई हाइड्रोलिक मशीनें भी शामिल करने की तैयारी कर रहा है।

सुपरनोवा जैसी ऊंची इमारतों के लिए चुनौती

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा शहर की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल है। इसकी 80 मंजिल प्रस्तावित हैं, जिनमें से करीब 60 मंजिलें तैयार होकर उपयोग में हैं। फिलहाल यहां भी केवल 42 मीटर तक पहुंचने वाली चार हाइड्रोलिक मशीनें उपलब्ध हैं।

हाल ही में यहां एयर कंप्रेस्ड फोम सिस्टम का परीक्षण किया गया था, जो 300 मीटर तक आग बुझाने में सक्षम है। हालांकि, यह प्रणाली अभी नियमित संचालन में शामिल नहीं की गई है।