Jaipur Building Collapse: जयपुर में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से बड़ा हादसा, 3 मजदूरों की मौत, कई के दबे होने की आशंका
Major accident in Jaipur as a wall
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में बड़ा हादसा हो गया है। आमेर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों की मलबे में फंसे होने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और फिलहाल बचाव दल की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंची हैं। कलेक्टर संदेश नायक ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है।
चल रहा था नाले की खुदाई का काम
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जयपुर के ताला मोड़ इलाके में नाले की खुदाई का काम चल रहा है। इसी दौरान ज्यादा खुदाई करने की वजह से पास की निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दीवार गिरने के कारण कम से कम 12 लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसमें मजदूर भी शामिल हैं।
बिहार-झारखंड के बताए जा रहे हैं प्रभावित मजदूर
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रभावित मजदूर बिहार और झारखंड के बताए जा रहे हैं। गनीमत ये रही कि लंच टाइम होने की वजह से ज्यादातर मजदूर मौके पर मौजूद नहीं थे। कुछ मजदूर लंच करने गए थे और निर्माणाधीन इमारत के पास कुछ ही मजदूर थे। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।