राम मंदिर दान चोरी; सुप्रीम कोर्ट का तत्काल सुनवाई से इनकार: उधर पुलिस ने चंपत राय से पूछताक्ष कर बयान लिया, कार्रवाई तेज
Supreme Court Declines Urgent Hearing Over Ram Mandir Donation Scam Row
Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों की चोरी का मामला इस समय पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है और तूल पकड़ रहा है. यह पूरा मामला अब सुप्रीम कोर्ट भी जा पहुंचा है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर दान चोरी मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने सवाल किया कि इस मामले में तत्काल सुनवाई क्यों जरूरी है और इतनी जल्दबाजी क्यों है? यह बताया जाए. इसके बाद कोर्ट द्वारा जल्द सुनवाई की मांग पर विचार किया जाएगा.
दरअसल राम मंदिर दान चोरी की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है. जिसमें मांग की गई है कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो और इसके लिए एक समयसीमा तय की जाए. सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआइटी मामले की जांच करे. यह एसआइटी सीबीआई के किसी सीनियर अधिकारी की अगुवाई में बने. वहीं याचिका में सुप्रीम कोर्ट में इस बात पर चिंता जताई गई कि मामले में देरी किए जाने से मामले के सम्बन्ध में इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और दूसरे अहम सबूतों से छेड़छाड़ हो सकती है। जिससे मामला प्रभावित हो सकता है.
पुलिस ने चंपत राय से पूछताक्ष कर बयान लिया
इधर न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है राम मंदिर दान घोटाले को लेकर पुलिस ने चंपत राय से पूछताक्ष कर उनका बयान दर्ज कर लिया है. साथ ही जांच के दौरान अगर आगे जरूरत पड़ी, तो पुलिस अनिल मिश्रा और ट्रस्ट के दूसरे पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज करेगी. ज्ञात रहे कि इससे पहले चंपत राय के राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफ़े की खबर सामने आई थी. साथ ही ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े की बात भी कही थी. हालांकि अभी दोनों के इस्तीफों स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है. चंपत राय इस पूरे मामले में आधिकारिक तौर से कुछ बोलने के लिए सामने नहीं आ रहे हैं.
राम मंदिर दान चोरी में अब तक 8 लोग गिरफ्तार
अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों के घपले के मामले में योगी सरकार सख्त रुख अपना रही है और SIT की शुरुवाती जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में अब तक 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 26 जून को आरोपियों की गिरफ्तारी की गई. जिन आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें रमाकांत उर्फ टिन्नू यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडे, मनीष यादव, और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। बताया जाता है कि ये सभी राम मंदिर में दान और चढ़ावे की रकम की काउंटिंग और उसके मैनेजमेंट (हिसाब-किताब) से जुड़े हुए थे।
23 जून को SIT ने ACS होम को जांच रिपोर्ट सौंपी
गौरतलब है कि 23 जून को राम मंदिर दान चोरी मामले की जांच के लिए गठित 3 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंप दी थी. एसआईटी द्वारा विभिन्न स्तरों पर अब तक की गई जांच की यह प्रारंभिक रिपोर्ट थी। एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में कार्रवाई शुरू हुई और एफ़आईआर दर्ज कर नामजद 8 लोगों की गिरफ्तारी की गई. फिलहाल एसआईटी के यह अंतिम रिपोर्ट नहीं है और मामले की जांच अभी आगे भी जारी रहेगी। बता दें कि राम मंदिर में चोरी का मामला बेहद गंभीर और संवेदनशील बना हुआ है।
योगी ने कहा था- अपराधी कोई भी हो वो बचेगा नहीं
सीएम योगी ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाया हुआ है और खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। बीते दिनों सीएम योगी ने अयोध्या में ही एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा था कि SIT की जांच पर भरोसा रखिए। एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। उन्होंने यह भी साफ तौर से कहा था कि अगर कोई अपराधी है और वो कोई भी होगा तो वह बचेगा नहीं, यह सुनिश्चित है। योगी जिस वक्त ये बयान दे रहे थे, उस दौरान एसआईटी की टीम भी अयोध्या में मौजूद थी और दान के दस्तावेजों, बैंक जमा रिकॉर्ड और ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों से पूछताछ कर मौके पर जायजा ले रही थी।
राम मंदिर में कैसे हुआ चढ़ावा चोरी?
अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर में दान के पैसों और आभूषणों के घपले को लेकर मामला काफी ज्यादा गरमाया हुआ है। आरोप है कि दान और चढ़ावे में आए करोड़ों रुपये मंदिर में लगे कुछ कर्मचारियों द्वारा ही हेरफेर कर गायब किए गए। इस मामले ने पूरे देश को सकते में ला दिया है। यह मामला सिर्फ मंदिर में दान चोरी का नहीं है बल्कि देश के लोगों की भावना, आस्था और श्रद्धा की भी चोरी है। प्रभु राम पर आस्था रखने वाले करोड़ों हिंदुओं पर आघात है। रिपोर्ट्स के अनुसार, राम मंदिर से चढ़ावे के करोड़ों रुपये गायब किए गए। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए सोने, चांदी और हीरे के असली आभूषणों को नकली वस्तुओं से बदल दिया गया।
आरोप- CCTV कैमरों में गड़बड़ी की गई
आरोप है कि दान के पैसों और आभूषणों की सुरक्षा में भारी सेंधमारी की गई। सुरक्षा के लिए जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। उनमें जानबूझकर गड़बड़ी की गई। सीसीटीवी कैमरों के साथ छेड़छाड़ की गई थी और पिछले कुछ महीनों के फुटेज डिलीट कर दिए गए थे ताकि चोरी पकड़ी न जा सके। फिलहाल कई मंदिर कर्मचारी SIT की रडार पर हैं और जांच की जा रही है। लेकिन इस पूरे मामले ने देश के करोड़ों हिंदुओं की आस्था को झकझोर कर रख दिया है। सबसे बड़ा सवाल है कि कोई भगवान के घर पर चोरी कैसे कर सकता है?