'समुद्र से लेकर आकाश तक हमारा भारत सुरक्षित और आत्मनिर्भर', मन की बात में क्या बोले पीएम मोदी?

Mann Ki Baat

Mann Ki Baat

नई दिल्ली। Mann Ki Baat: गणेश उत्सव और उसके बाद आने वाले त्यौहारों के पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मिट्टी की मूर्तियां खरीदने की अपील है। आस्था और प्रकृति के बीच समन्वय पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय कारीगरों से मूर्ति खरीदने से वोकल फार लोकल का संकल्प भी मजबूत होता है।

इसके साथ ही उन्होंने परिवार की सुरक्षा के लिए दुर्घटना बीमा और जीवन बीमा की जरूरत पर बल देते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील है।

पीएम मोदी ने इस बात के लिए लोगों का जताया आभार

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया संकट के दौरान विदेश यात्रा कम करने, एक साल तक सोना नहीं खरीदने और कार पुलिंग की अपील पर अमल करने के लिए लोगों का आभार जताया। रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि समुद्र से लेकर आकाश तक कैसे देश अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है।

प्लास्टर ऑफ पेरिल की बनी मूर्तियों पर भी बोले पीएम

मन की बात के 135वें एपिसोड में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने गणेश उत्सव समेत त्यौहारों में प्लास्टर आफ पेरिस से बनी मूर्तियों को प्रकृति के लिए नुकसानदेह बताते हुए उन्हें बिल्कुल नहीं खरीदने की अपील। त्यौहारों से काफी पहले मूर्तियों के बनाने का काम शुरू हो जाता है। उन्होंने मूर्तियां बनाने वाले कारीगरों और कलाकारों से मिट्टी की ही मूर्तियां बनाने का आग्रह किया।

यह वीडियो भी देखें

इसके साथ ही खरीदने वालों से यह मूर्ति खरीदते समय उसके निर्माण सामग्री और निर्माण करने वाले देश के बारे में जानकारी लेने को कहा। त्यौहारों के दौरान चीन में बनी प्लास्टर आफ पेरिस की मूर्तियों की बड़ी संख्या में बिक्री को देखते हुए प्रधानमंत्री की इस अपील को अहम माना जा रहा है।

नांदेड की एक शादी का किया जिक्र

महाराष्ट्र के नांदेड में एक परिवार द्वारा शादी के अवसर पर गांव के सभी लोगों को दुर्घटना बीमा का उपहार देने की प्रसंशा करते हुए प्रधानमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही दो योजनाओं का जिक्र किया। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत केवल 20 रुपये सालाना देने पर दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। इस योजना से अभी तक 58 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं, जिनमें 28 करोड़ महिलाएं हैं।

इस योजना के तहत 3700 करोड़ रुपये क्लेम में दिये जा चुके हैं। इसी तरह से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृत्यु की स्थिति में दो लाख रूपये तक कवर मिलता है और इसके लिए साल में केवल 436 रुपये देने होते हैं। इस योजना से भी 27 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं और 11 लाख परिवारों को 22 हजार करोड़ रुपये की सहायता भी मिल चुकी है।