A massive fire broke out at a cooler factory in Faridabad, gutting 700 coolers

फरीदाबाद में कूलर फैक्ट्री में भीषण आग, 700 कूलर और कच्चा माल जलकर राख

undefined

A massive fire broke out at a cooler factory in Faridabad, gutting 700 coolers

फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में शनिवार शाम एक कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग की इस घटना में करीब 700 तैयार कूलर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारी फैक्ट्री से बाहर निकल आए, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार यह घटना रोशन नगर में स्थित एक कूलर बनाने की फैक्ट्री में हुई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि आग के दौरान फैक्ट्री में रखे कुछ सिलिंडर भी फट गए, जिससे आग और तेजी से फैल गई। उस समय फैक्ट्री में आठ से दस कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन आग भड़कने से पहले ही सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

फैक्ट्री मालिक सतेंद्र पंडित ने बताया कि उनकी फैक्ट्री के साथ ही बतासे बनाने की एक फैक्ट्री भी है। शनिवार शाम कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी पास की फैक्ट्री से आग उनकी फैक्ट्री तक पहुंच गई। कर्मचारियों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके।

उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में कूलर के अलग-अलग पार्ट्स लाकर उन्हें असेंबल किया जाता है। पिछले करीब चार महीनों से गर्मी के सीजन के लिए कूलर तैयार किए जा रहे थे। फैक्ट्री में लगभग 700 तैयार कूलर के साथ बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।