5143वें अग्र समाज स्थापना दिवस पर चंडीगढ़ में होगा भव्य आयोजन

5143वें अग्र समाज स्थापना दिवस पर चंडीगढ़ में होगा भव्य आयोजन

7b982d30-a07d-47ab-99b6-b5ea24424d55 (1)

A grand event will be held in Chandigarh

‘एक शाम अग्रसेन जी के नाम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि

चंडीगढ़, 16 मई (साजन शर्मा)अग्र समाज के 5143वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 17 मई 2026 को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित सर्कस ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम ‘एक शाम अग्रसेन जी के नाम’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता और गौरवशाली इतिहास को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


यह जानकारी पूर्व मंत्री असीम गोयल ने दी। उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन जी ने 5143 वर्ष पूर्व अग्रवाल वैश्य समाज की स्थापना की थी और उनका “एक रुपया, एक ईंट” का सिद्धांत आज भी समाज में समानता, सहयोग और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बना हुआ है।


असीम गोयल ने कहा कि पिछले वर्ष पहली बार स्थापना दिवस का आयोजन दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया था, जिसे देशभर से व्यापक समर्थन मिला। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की संयुक्त टीम द्वारा चंडीगढ़ में दूसरा भव्य आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम 17 मई को शाम 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें देशभर से हजारों अग्र बंधुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग, बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, महाराजा अग्रसेन जी के इतिहास पर आधारित विशेष आयोजन और सामाजिक एकता का संदेश प्रमुख आकर्षण रहेंगे।


पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य अग्रवाल समाज में एकजुटता, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने समाज के लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक अग्रवाल बंधु को समाज के उत्थान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन जी ने हिसार के निकट अग्रोहा बसाकर समानता, करुणा और अहिंसा पर आधारित राज्य की स्थापना की थी। उन्होंने यज्ञों में पशु बलि प्रथा पर रोक लगाकर नारियल चढ़ाने की शांतिपूर्ण परंपरा शुरू की। असीम गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के दूरदर्शी और समाजवादी विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर चंडीगढ़ के पूर्व मेयर अनूप गुप्ता, नवीन गर्ग, प्रदीप गोयल, जगमोहन गर्ग, आनंद सिंगला और तेजेंद्र गुप्ता (टोनी) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।