अलीगढ़: ट्रेन में यात्रियों को लूट रहा था 'फर्जी टीटीई', असली ने पकड़ा तो खुला राज!

अलीगढ़: ट्रेन में यात्रियों को लूट रहा था 'फर्जी टीटीई', असली ने पकड़ा तो खुला राज!

Fake TTE Arrested In Aligarh

Fake TTE Arrested In Aligarh

अलीगढ़ : Fake TTE Arrested In Aligarh: अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ और पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रेलवे जीआरपी अनुभाग आगरा ने बीती 15 फरवरी को ट्रेन संख्या 12311 नेताजी एक्सप्रेस से एक फर्जी टीटीई को गिरफ्तार किया है. आरोपी चलती ट्रेन में खुद को टीटीई बताकर यात्रियों पर रौब झाड़ रहा था और उनसे वसूली कर रहा था. आरोपी को जेल भेजा गया है.

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने बताया कि नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन में अधिकृत टीटीई संजय कुमार ने सूचना दी थी कि टीटीई की ड्रेस में एक संदिग्ध शख्स मुसाफिरों से वसूली कर रहा है. पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है और कोई वैध पहचान पत्र भी नहीं दिखाया. इस सूचना के आधार पर उसे चौकी खुर्जा में उतार लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित पुत्र दिनेश बाबू निवासी तेजपुर थाना मंगलपुर जिला कानपुर देहात बताया.

जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर के अनुसार आरोपी अंकित ने बताया कि रुपयों की जरूरत के चलते उसने इस काम को चुना. वह लंबी दूरी की विभिन्न ट्रेनों में टीटीई बनकर वसूली करता था. टीटीई की ड्रेस में होने के कारण मुसाफिर अक्सर उसके जाल में फंस जाते थे. आरोपी अंकित के खिलाफ थाना जीआरपी अलीगढ़ जंक्शन में मु.अ.सं. 14/2026 धारा 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस टीम आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है.