176 करोड़ का पैकेज, कौन हैं विजय कुमार? कैसे बने IT सेक्टर में भारत के सबसे महंगे CEO?
CEO C Vijaykumar Salary
नई दिल्ली: CEO C Vijaykumar Salary: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी (IT) जगत में इन दिनों एक ही नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है—सी विजयकुमार. एचसीएलटेक (HCLTech) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) विजयकुमार वित्त वर्ष 2025-26 में ₹175-176 करोड़ ($18.13 मिलियन) का भारी-भरकम पैकेज लेकर लगातार तीसरे साल भारत के सबसे महंगे आईटी बॉस बन गए हैं. उन्होंने टीसीएस, इंफोसिस और विप्रो जैसी दिग्गज कंपनियों के कप्तानों को सैलरी की रेस में बहुत पीछे छोड़ दिया है.
कौन हैं सी विजयकुमार?
तमिलनाडु के रहने वाले सी विजयकुमार ने अपनी स्कूली शिक्षा मदुरै से पूरी की. इसके बाद उन्होंने पीएसजी कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी, कोयंबटूर से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में स्नातक (B.Tech) की डिग्री हासिल की. विजयकुमार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह उन चुनिंदा वैश्विक कप्तानों में शामिल हैं, जिन्होंने करियर की शुरुआत से लेकर शीर्ष पद तक का सफर एक ही कंपनी में तय किया है.
फर्श से अर्श तक का सफर
विजयकुमार साल 1994 में एक सीनियर इंजीनियर के रूप में एचसीएल (HCL) समूह से जुड़े थे. वह उस कोर टीम के संस्थापक सदस्य थे जिसने कंपनी के इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज बिजनेस की नींव रखी. अपनी बेहतरीन लीडरशिप के दम पर वह लगातार आगे बढ़ते रहे. साल 2016 में उन्हें कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया और जुलाई 2021 में शिव नाडार के पद छोड़ने के बाद वे प्रबंध निदेशक (MD) भी बन गए. वर्तमान में वे अमेरिका से कंपनी का पूरा कामकाज संभालते हैं.
कैसे बने देश के सबसे महंगे CEO?
इस साल विजयकुमार के वेतन में लगभग 66.9 प्रतिशत का बंपर उछाल आया है. उनकी इस कमाई का सबसे बड़ा राज कंपनी के शेयर और इंसेंटिव हैं. उनके पैकेज में लगभग ₹91 करोड़ ($9.40 मिलियन) के शेयर (RSUs) और ₹38 करोड़ का लॉन्ग-टर्म कैश इंसेंटिव शामिल है. यदि इन अतिरिक्त फायदों को हटा दिया जाए, तो उनकी मूल सैलरी में केवल 22.86% की बढ़ोतरी हुई है.
दिग्गजों को पछाड़ा, कर्मचारियों से 292 गुना आगे
विजयकुमार का यह पैकेज उद्योग के अन्य दिग्गजों के मुकाबले काफी बड़ा है. इस दौरान इंफोसिस के सलिल पारेख को ₹82.60 करोड़, विप्रो के श्रीनिवास पल्लिया को ₹49.64 करोड़ और टीसीएस के के. कृतिवासन को मात्र ₹28 करोड़ का वेतन मिला. रिपोर्ट के अनुसार, विजयकुमार की कमाई एचसीएलटेक के एक आम कर्मचारी के औसत वेतन से 291.9 गुना अधिक है.