मुजफ्फरनगर में 24 घंटे में 7 मुठभेड़, 10 बदमाश गिरफ्तार; पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 9 घायल
7 Encounters in 24 Hours in Muzaffarnagar
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर जिला पुलिस ने पिछले 24 घंटों में बदमाशों पर जमकर कहर बरपाया है. इस दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर पुलिस की 7 मुठभेड़ बदमाशों के साथ हुई है, जिसमें 10 बदमाश गिरफ्तार हुए हैं. इनमें 9 बदमाश घायल हैं, जिनको गोली लगी है. इनके पास से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध तमंचे, कारतूस, 6 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, लूटी गई ज्वेलरी और नगदी भी बरामद की है. पुलिस गिरफ्त में आए इन बदमाशो में 2 बदमाश तो 20-20 हजार रुपये के इनामी हैं.
दरअसल, लगभग पिछले 24 घंटे के अंदर मुजफ्फरनगर पुलिस की बदमाशों के साथ सात बड़ी मुठभेड़ हुई हैं. इनमें से नई मंडी कोतवाली पुलिस की 4 मुठभेड़ हुईं, जहां छह बदमाशों सलमान उर्फ शहजाद, खुशनसीब, अमर, गुड्डू, सागर और अभिषेक को गिरफ्तार किया है. इनके मुठभेड़ में गोली भी लगी है. वहीं, मंसूरपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान शैंकी नाम के बदमाश को घायल कर मौके से उसके साथ ही मनीष को भी गिरफ्तार किया.

बुढ़ाना में शाहरुख पठान घायल
बुढाना पुलिस ने भी जहां शाहरुख पठान को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया है तो वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने शिवम उर्फ मोटा नाम के शातिर अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. इन बदमाशों के पास से पुलिस ने बड़ी तादाद में अवैध तमंचे, कारतूस, 6 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, लूटी गई ज्वेलरी और कुछ नगदी भी बरामद की है.

एसएसपी ने क्या बताया
मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटे में मुजफ्फरनगर में सात मुठभेड़ हुई हैं. सात लोग क्रैकडाउन किए गए हैं. जिन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, वह जवाबी फायरिंग में घायल हो गए हैं, उनके पैरों में गोली लगी है. मुठभेड़ में 10 बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें दो बदमाश 20-20 हजार के इनामी हैं.
उनके पास से तमंचे, खोखा, कारतूस बरामद किए गए हैं. वहीं, कुल 6 बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई है. इसके अलावा कैश भी बरामद हुआ है. यह बदमाश डकैती, लूट, हत्या में शामिल थे. एक बदमाश पटियाला से वांछित चल रहा था.