यूपी का 'सूर्य उदय': मुफ्त बिजली से रोशन हुए 4 लाख परिवार, प्रतिदिन 4 करोड़ की बचत
4 lakh families illuminated with free electricity,
लखनऊ। 4 lakh families illuminated with free electricity, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश तेजी से सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। वर्तमान में 60 लाख यूनिट से अधिक मुफ्त बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिसकी कीमत करीब चार करोड़ रुपये प्रतिदिन आंकी गई है।
रूफटाप माडल अपनाने से 5,000 एकड़ से अधिक जमीन बचाई जा सकी है। साथ ही सौर ऊर्जा उत्पादन बढ़ने से कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
राष्ट्रीय पोर्टल के अनुसार प्रदेश में अब तक 11,64,038 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3,93,293 इंस्टालेशन पूरे किए जा चुके हैं। इससे 3,98,002 परिवारों को सीधे लाभ मिला है और कुल स्थापित क्षमता 1,343.5 मेगावाट तक पहुंच गई है।
योजना के तहत अब तक सब्सिडी राशि 3,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। जुलाई से यूपी इंस्टालेशन के मामले में देश के शीर्ष दो राज्यों में लगातार बना हुआ है।
उत्तर प्रदेश नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा विकास प्राधिकरण (यूपीनेडा) के निदेशक इंद्रजीत सिंह के मुताबिक फरवरी महीने में रिकार्ड 35,804 रूफटाप सोलर प्लांट लगाए गए।
वहीं 28 फरवरी को एक ही दिन में 2,211 इंस्टालेशन कर रिकार्ड बनाया। वर्तमान में रोजाना चार से पांच मेगावाट सौर क्षमता जोड़ी जा रही है। 4,500 से अधिक वेंडर्स सक्रिय हैं, जिससे 60 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है।