देहरादून में 26 वर्षीय लेडी डॉक्टर ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर की आत्महत्या, HOD पर उत्पीड़न का आरोप
- By Gaurav --
- Thursday, 26 Mar, 2026
26-Year-Old Woman Doctor Dies by Suicide
हरियाणा के अंबाला की रहने वाली 26 वर्षीय लेडी डॉक्टर ने देहरादून में जहरीला इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान डॉ. तन्वी के रूप में हुई है, जो देहरादून स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज (SGRR) में मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की पढ़ाई कर रही थी।
मृतका के पिता डॉ. ललित मोहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि कॉलेज की हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) डॉ. प्रियंका गुप्ता उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से परेशान करती थीं और कई बार पैसों की मांग भी की गई। इसी कारण तन्वी काफी समय से तनाव में थी।
परिजनों के अनुसार, 24 मार्च की रात को उन्होंने तन्वी को कई बार फोन किया, लेकिन जब उसने कॉल रिसीव नहीं किया तो वह अंबाला से तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो गए। देहरादून पहुंचने पर इंद्रेश अस्पताल के पास उन्हें तन्वी की कार खड़ी मिली। कार की ड्राइविंग सीट पर तन्वी बैठी हुई थी, जिसके हाथ में कैनुला लगा था और पास में इंजेक्शन की बोतल पड़ी थी।
परिजनों ने कार का शीशा तोड़कर तन्वी को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब डॉ. तन्वी की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे की इस कॉल रिकॉर्डिंग में उन्होंने अपनी HOD से हुई बातचीत रिकॉर्ड की थी। मौत से पहले तन्वी ने अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह काफी परेशान हो चुकी है और अब यह रिकॉर्डिंग सामने लानी पड़ेगी।
डॉ. ललित मोहन के मुताबिक, उनकी बेटी पिछले चार महीनों से मानसिक दबाव में थी। उन्होंने दावा किया कि इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर देहरादून पुलिस ने श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज के नेत्र विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। वहीं परिवार का कहना है कि तन्वी की इस साल जुलाई में अंतिम परीक्षा होनी थी, जिसके बाद उसकी एमएस की डिग्री पूरी हो जाती।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।