एक झटके में 993 रुपये बढ़ी LPG सिलेंडर की कीमत; लोगों पर महंगाई की जबरदस्त मार, खाने की थाली के लिए ज्यादा कटेगी जेब
19kg Commercial LPG Cylinder Price Hikes 993 Rupees Global Energy Crisis
LPG Cylinder Price Hike: मिडिल ईस्ट से वैश्विक ऊर्जा सप्लाई प्रभावित होने का असर भारत में साफतौर से देखा जा रहा है। आज 1 मई 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में जबरदस्त इजाफा किया गया है। एक ही झटके में कमर्शियल LPG सिलेंडर (Commercial LPG Cylinder Price) की कीमत 993 रुपये बढ़ी दी गई। यानि लगभग-लगभग 1000 रुपये। इतनी भारी बढ़ोतरी लोगों पर महंगाई की बड़ी मार है। बस इतनी राहत की बात ये है की घरेलू (14.2 kg) सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। सरकार ने इतनी मेहरबानी अभी जरूर की है।
दिल्ली में 3,071.50 का हो गया LPG सिलेंडर
इतनी भारी कीमत बढ़ने के बाद आज से दिल्ली में 19 किलोग्राम का कमर्शियल LPG सिलेंडर 3,071.50 का हो गया है। दिल्ली के अलावा देश के बड़े महानगरों में जैसे मुंबई में 3,024.50 रुपये, कोलकाता में 3,177.00 रुपये और चेन्नई में कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 3,232.00 रुपये का मिलेगा। वहीं 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG गैस सिलेंडर की कीमत में आखिरी बार 7 मार्च को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। जिसके बाद दिल्ली में यह LPG गैस सिलेंडर 913 रुपये का हो गया था। वहीं कोलकाता में कीमत बढ़कर 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये हो गई थी।
खाने की थाली के लिए ज्यादा कटेगी जेब
19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG Cylinder की कीमत बढ्ने से सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर धारकों को ही बड़ा झटका नहीं लगा है बल्कि बढ़ी हुई कीमत का असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ेगा। लोगों के लिए रेहड़ी, ढाबों, रेस्टोरेन्ट और होटलों पर खाने की प्लेट महंगी पड़ेगी। उन्हें अब बाहर खाने-पीने के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है। इतनी कीमत बढ़ने से ग्रामीण इलाक़ों में भी इसका सीधा असर देखा जाएगा। शादी और अन्य कामकाज के लिए लोगों के अब ज्यादा पैसे खर्च होंगे।
गनीमत; पेट्रोल-डीजल और महंगा नहीं हुआ
चुनाव के बाद यह अंदेशा था कि पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोतरी होगी। लेकिन गनीमत रही की पेट्रोल-डीजल और महंगा नहीं हुआ। अभी सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ी है, अब देखना यह है की पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की कीमत का आगे क्या होता है? बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमत के साथ-साथ घरेलू ATF (हवाई जहाज़ के तेल) की कीमत में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सरकार का कहना; देश के पास तेल-गैस का पर्याप्त भंडार
मिडिल ईस्ट में टेंशन के बीच देश में तेल-गैस की आपूर्ती को लेकर भारत सरकार की तरफ से लगातार बयान दिया जा रहा है की भारत के पास तेल-गैस का अभी पर्याप्त भंडार है। सरकार का कहना है कि फिलहाल देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कोई संकट नहीं है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार भारत के पास विभिन्न स्रोतों से पर्याप्त ऊर्जा आपूर्ति मौजूद है। सरकार ने हाल ही में यह भी कहा था कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ाने का अभी कोई विचार नहीं है। लेकिन इस बीच LPG गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर सरकार ने लोगों को महंगाई का झटका दे दिया।