18 साल के शौर्य कालीरमण ने रचा इतिहास, बाइक से पहुंचे दुनिया के सबसे ऊंचे उमिंगला पास
- By Gaurav --
- Thursday, 28 May, 2026
18-Year-Old Shaurya
Haryana के हांसी जिले के गांव सिसाय निवासी युवा बाइक राइडर Shaurya Kaliraman ने साहस और जुनून की मिसाल पेश करते हुए दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास Umling La Pass तक बाइक से पहुंचकर नया इतिहास रच दिया है। महज 18 वर्ष 3 महीने की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर वह ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे युवा राइडर बन गए हैं।
शौर्य ने अपनी रोमांचक यात्रा की शुरुआत Delhi से की थी। यह सफर Srinagar, Kargil और हानले जैसे दुर्गम पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरता हुआ करीब 19,024 फीट की ऊंचाई पर स्थित उमिंगला पास तक पहुंचा।
कठिन मौसम, ऑक्सीजन की कमी और खतरनाक रास्तों के बावजूद शौर्य ने हिम्मत नहीं हारी और 25 मई 2026 को अपनी मंजिल हासिल कर ली। उमिंगला पास दुनिया के सबसे कठिन और ऊंचे मोटरेबल रास्तों में गिना जाता है, जहां पहुंचना अनुभवी राइडर्स के लिए भी बड़ी चुनौती माना जाता है।
शौर्य की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव सिसाय, पूरे हांसी जिले और हरियाणा में खुशी और गर्व का माहौल है। गांव के बुजुर्गों, युवाओं और उनके साथियों ने शौर्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।