लाहौल-स्पीति में भीषण भूस्खलन, सूमो पर गिरी चट्टानें; 13 यात्रियों की मौत, 2 घायल
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
13 Killed, 2 Injured as Landslide Crushes
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास हुए भीषण भूस्खलन की चपेट में एक टाटा सूमो वाहन आ गया। हादसे में 13 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांगी घाटी के निवासी एक टाटा सूमो (HP 01M-2210) में सवार होकर उदयपुर से पांगी लौट रहे थे। वाहन चालक की पहचान बीर सिंह के रूप में हुई है। कडू नाला के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल चट्टानें वाहन पर आ गिरीं, जिससे गाड़ी पूरी तरह मलबे में दब गई।
बताया जा रहा है कि उदयपुर-किलाड़ मार्ग गुरुवार को भूस्खलन के कारण बंद हो गया था। इसके चलते सभी यात्रियों को तिंदी में रात बितानी पड़ी। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिवानी मेहला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि मृतकों की पहचान और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
हादसे पर भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए चंबा और लाहौल-स्पीति प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया है।