जोधपुर: दुबई से 120 श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी, प्रवासियों और सरकार ने संभाला संकट

जोधपुर: दुबई से 120 श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी, प्रवासियों और सरकार ने संभाला संकट

120 pilgrims return safely from Dubai

120 pilgrims return safely from Dubai; migrants and the government

जोधपुर: पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग की आग ने रेगिस्तान के बीच बसे दुबई को भी अपनी जद में ले लिया है। इस तनावपूर्ण युद्ध के बीच दुबई में फंसे जोधपुर के 120 लोगों के लिए गुरुवार का दिन 'पुनर्जन्म' जैसा रहा। जोधपुर के सूरसागर बड़ा रामद्वारा के संत अमृतराम महाराज के साथ धार्मिक यात्रा पर गए ये सभी श्रद्धालु आज सुरक्षित स्वदेश लौट आए।

जोधपुर रेलवे स्टेशन और घरों में जब ये लोग अपने परिजनों से मिले, तो आंखों से आंसू छलक पड़े। सबकी जुबां पर केवल एक ही बात थी कि वतन वापसी किसी चमत्कार से कम नहीं।

28 फरवरी की वह रात, जब दहल उठा था दुबई

वापस लौटे श्रद्धालुओं ने बताया कि शुरुआती दिन बहुत सुखद थे, लेकिन 28 फरवरी को हुए भीषण धमाकों के बाद पूरा मंजर बदल गया। शहर में सायरन गूंजने लगे और दहशत फैल गई। एक यात्री ने आपबीती सुनाते हुए कहा-

हम डर के मारे दुबई एयरपोर्ट पहुंचे कि जल्दी घर निकल जाएं, लेकिन वहां बताया गया कि सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। हमें वापस होटल जाने को कहा गया। हमारे पास पैसे खत्म हो रहे थे और युद्ध के हालात देख होटलों ने अचानक किराया कई गुना बढ़ा दिया था।

दुबई में 'हाड़ौती और मारवाड़' ने थामी बाहें

संकट की इस घड़ी में जब विदेशी जमीन पर इन श्रद्धालुओं की उम्मीदें टूट रही थीं, तब दुबई में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों ने मोर्चा संभाला। माहेश्वरी, माली, राजपुरोहित, जांगिड़ और राजपूत समाज के स्थानीय प्रवासियों ने इन 120 लोगों के लिए रहने और खाने-पीने का इंतजाम किया। प्रवासियों ने न केवल आर्थिक मदद की, बल्कि मुश्किल घड़ी में जोधपुर के इन परिवारों का संबल बने।

इस बीच, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी संत अमृतराम महाराज और यात्रियों से फोन पर बात कर उनका हाल-चाल जाना। गहलोत ने भारत सरकार और दूतावास से समन्वय का भरोसा दिलाया, जिससे यात्रियों का मनोबल बढ़ा।

जयपुर एयरपोर्ट पर 'फ्लाइट्स का सन्नाटा'

एक तरफ जोधपुर के लोग लौट आए हैं, वहीं दूसरी तरफ जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर संकट अभी टला नहीं है। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के कारण जयपुर से संचालित होने वाली चार प्रमुख फ्लाइट्स को गुरुवार को लगातार पांचवें दिन भी रद्द रखा गया। इससे दुबई, मस्कट और शारजाह जाने वाले सैकड़ों यात्री अभी भी अधर में लटके हुए हैं। एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि हवाई मार्ग असुरक्षित होने के कारण उड़ानों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है।