पंचकूला में लूट के इरादे से युवक की हत्या
Youth murdered with the intention of robbery in Panchkula
देर रात 2 बजे ड्यूटी से लौट रहा था घर, पुलिस ने 6 घंटे में लिया गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
अर्थ प्रकाश संवाददाता
पंचकूला, 3 मार्च। पंचकूला में लूट के इरादे से मंगलवार तड़के 2 बजे दो बदमाशों ने ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार की चाकू गोद कर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के 6 घंटे में ही वारदात का पटाक्षेप करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि हमें गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दीपक बाइक पर सवार होकर घर की तरफ जा रहा था। इस दौरान रात करीब 2 बजे सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर दो अज्ञात युवकों ने बाइक सवार दीपक पर तेजधार हथियारों से हमला किया और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घायल अवस्था में दीपक को तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में मृतक के भाई ने थाना सेक्टर-5 में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका 33 वर्षीय भाई दीपक निवासी अमेठी, उत्तर प्रदेश, जो वर्तमान में ढकोली में किराये पर रह रहा था और पंचकूला स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत था, पर देर रात लूट के इरादे से हमला किया गया। थाना सेक्टर-5 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने जानकारी देते हुए बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोशन निवासी गोपालगंज, बिहार, हाल किरायेदार ढकोली को वारदात के मात्र 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियार और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया जा सके
मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। सभी क्राइम यूनिट्स को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। दूसरे आरोपी को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।