"यूपी: योगी का नया विकास मॉडल—मैन्युफैक्चरिंग, टेक और निवेश पर जोर"

"यूपी: योगी का नया विकास मॉडल—मैन्युफैक्चरिंग, टेक और निवेश पर जोर"

Yogi new development model—emphasis on manufacturing

Yogi's new development model—emphasis on manufacturing

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के अपने महात्वाकांक्षी लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए विकास मॉडल के 'कोर ड्राइवर्स' (आधारभूत कारकों) को स्पष्ट कर दिया है। सरकार की यह रणनीति केवल विकास का खाका नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग और टेक हब बनाने का एक ठोस दस्तावेज है। प्रदेश अब पारंपरिक श्रम आधारित उद्योगों की सीमाओं को तोड़कर 'टेक-सपोर्टेड' उत्पादन मॉडल की ओर बढ़ रहा है, जहाँ निवेश और संतुलित क्षेत्रीय विकास को सबसे ऊपर रखा गया है।

पांच स्तंभों पर टिकी समृद्धि की नींव

यूपी की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार ने पांच मुख्य स्तंभों की पहचान की है: मैन्युफैक्चरिंग, वैल्यू चेन क्षमता, टेक इनेबल्ड वृद्धि, भारी निवेश और संतुलित क्षेत्रीय विकास। इन स्तंभों के जरिए प्रदेश की कार्यप्रणाली में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। लो-स्किल नौकरियों के बजाय अब प्रदेश मध्य और उच्च स्किल वाले रोजगार सृजन की ओर तेजी से बढ़ रहा है। डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर्स का विस्तार इस रणनीति का हिस्सा है कि यूपी न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करे, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (Global Supply Chain) का एक अभिन्न अंग बने।

मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स: वैश्विक प्रतिस्पर्धा की तैयारी

मैन्युफैक्चरिंग को प्रदेश की आर्थिक प्रगति का इंजन माना गया है। औद्योगिक और डिफेंस कॉरिडोर के साथ-साथ टेक्सटाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्लस्टर्स पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार का ध्यान केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि 'वैल्यू चेन एफिशिएंसी' पर भी है। गंगा एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क्स से जोड़कर परिवहन लागत को कम करने की योजना है, जिससे स्थानीय उद्योगों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सके।

आईटी, स्टार्टअप्स और ग्रामीण विकास का डिजिटल संगम

डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए लखनऊ, नोएडा और कानपुर में आईटी पार्क और डेटा सेंटर परियोजनाओं पर काम युद्धस्तर पर जारी है। स्टार्टअप और इनोवेशन के लिए नई नीतियों ने सेवा क्षेत्र (Service Sector) को नई संजीवनी दी है। इसके साथ ही, कृषि और पर्यटन को विकास के 'जुड़वां इंजन' के रूप में चिह्नित किया गया है। जहाँ एक ओर खेती में तकनीक और वैल्यू एडिशन से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक और सांस्कृतिक टूरिज्म सर्किट के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।