यूपी रेरा का बड़ा फैसला: योगी सरकार ने दी 24 नई परियोजनाओं को मंजूरी; 13 जिलों में तैयार होंगी 7,830 यूनिट्स
Yogi Government Approves 24 New Projects
लखनऊ। Yogi Government Approves 24 New Projects, उत्तर प्रदेश भू संपदा विनियामक प्राधिकरण ने राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए 6,841.85 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली 24 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दिया है। परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के 13 जिलों में 7,830 आवासीय और व्यावसायिक यूनिट्स विकसित होंगी, इनमें लखनऊ की चार परियोजनाएं शामिल हैं।
यूपी रेरा की 198वीं प्राधिकरण बैठक मुख्यालय में अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई। इसमें विभिन्न जिलों से मिले परियोजना प्रस्तावों की समीक्षा करके केवल उन्हीं परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई, जो मानकों और अनुपालन शर्तों को पूरा करती थीं।
मंजूर की परियोजनाओं में आवासीय, व्यावसायिक और मिश्रित उपयोग (मिक्स्ड-यूज) वाली हैं, जिनमें प्लाट, विला और दुकानों का विकास किया जाएगा।
जिलों में गौतमबुद्ध नगर परियोजनाओं की संख्या, निवेश और विकसित होने वाली यूनिट्स के मामले में सबसे आगे रहा, वहां 5,218.41 करोड़ के निवेश वाली पांच परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। अब 2,969 यूनिट्स विकसित होंगी, इनमें तीन व्यावसायिक, एक-एक आवासीय व मिक्स्ड-यूज परियोजना शामिल हैं।
राजधानी लखनऊ परियोजनाओं की संख्या और यूनिट्स के मामले में दूसरे स्थान पर रहा। यहां 132.65 करोड़ के निवेश वाली चार परियोजनाओं को मंजूरी मिली। अब 651 यूनिट्स विकसित की जाएंगी, इनमें तीन आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना शामिल है।
आगरा में 162.75 करोड़ के निवेश वाली तीन आवासीय परियोजनाओं के माध्यम से 312 आवासीय यूनिट्स, गाजियाबाद में तीन परियोजनाओं में 83.85 करोड़ का निवेश होगा। 468 यूनिट्स विकसित होंगी, इनमें तीन व्यावसायिक और एक आवासीय परियोजना शामिल हैं।
ऐसे ही जिलों में मथुरा में 9.13 करोड़ की एक आवासीय परियोजना से 136 यूनिट्स, सहारनपुर में 324.95 करोड़ के निवेश वाली एक आवासीय परियोजना के तहत 803 आवासीय यूनिट्स, मेरठ में 183.63 करोड़ की एक आवासीय परियोजना में 167 यूनिट्स, बागपत में 11.25 करोड़ की एक व्यावसायिक परियोजना के तहत 97 यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
इसी तरह गोरखपुर में 30 करोड़ की एक आवासीय परियोजना में 182 यूनिट्स, वाराणसी में 11.20 करोड़ की एक आवासीय परियोजना के तहत 65 यूनिट्स, बांदा में 86.84 करोड़ के निवेश वाली एक आवासीय परियोजना के तहत 501 यूनिट्स, हापुड़ में 128.10 करोड़ की एक व्यावसायिक परियोजना में 912 व्यावसायिक यूनिट्स विकसित की जाएंगी।
वहीं, बाराबंकी में 459.09 करोड़ के निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 567 आवासीय यूनिट्स विकसित होंगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में 6,800 करोड़ से अधिक के निवेश से निर्माण कार्यों के दौरान व उसके बाद भी रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। निर्माण सामग्री, परिवहन, इंजीनियरिंग सेवाओं और अन्य सहायक क्षेत्रों में मांग बढ़ेगी।
यूपी रेरा के अध्यक्ष भूसरेड्डी ने कहा है कि प्राधिकरण रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, नियामकीय अनुपालन और परियोजनाओं के समयबद्ध पूरा होने को लगातार प्रयासरत है। इससे निवेशकों व गृह खरीदारों दोनों का विश्वास मजबूत होगा।