Yogi Adityanath Urges Unity

पश्चिम एशिया संकट पर बोले योगी, ईंधन बचत और आत्मनिर्भरता के लिए जनता से की एकजुट होने की अपील

undefined

Yogi Adityanath Urges Unity

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों से एकजुट होकर संकट का सामना करने की अपील की है। लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वैश्विक संकट केवल युद्ध तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरक आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। ऐसे समय में सभी नागरिकों को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जिस तरह देशवासियों ने मिलकर चुनौतियों का सामना किया था, उसी तरह अब भी राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने संबंधी अपील का समर्थन करते हुए लोगों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग, मेट्रो, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर गैस संयंत्र आधारित सामूहिक रसोई मॉडल विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम की जा सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में संरक्षित 15 लाख से ज्यादा गोवंशीय पशुओं के जरिए बायोगैस उत्पादन की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील की आलोचना करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसे गंभीरता से समझना जरूरी है।