भीषण गर्मी के बीच यूपी में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश, योगी बोले- जनता को न हो परेशानी
- By Gaurav --
- Sunday, 24 May, 2026
Yogi Adityanath Directs
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच गांव और शहरों में निर्बाध तथा गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए हर स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए।
बैठक में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा विभाग पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे।
सरकारी बयान के अनुसार बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 13,388 मेगावाट हो गई है। वर्ष 2022 की तुलना में 2026 तक उत्पादन क्षमता में 86 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा गैर-पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों से भी करीब 10 हजार मेगावाट बिजली प्राप्त हो रही है।
मुख्यमंत्री ने ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत करने, फीडर वाइज जवाबदेही तय करने तथा ट्रांसफॉर्मर और फीडर खराब होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमिगत केबल वाले क्षेत्रों में खुदाई से पहले अनुमति लेना अनिवार्य करने की बात कही गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि अप्रैल और मई के दौरान तापमान बढ़ने के कारण प्रदेश में बिजली की दैनिक मांग 501 मिलियन यूनिट से बढ़कर 561 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश 20 से 22 मई के बीच देश में बिजली मांग पूरी करने के मामले में दूसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री ने 12 राज्यों के साथ पावर बैंकिंग व्यवस्था के जरिए बिजली आपूर्ति प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश दिए।
योगी आदित्यनाथ ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ता हितैषी बनाने पर भी जोर दिया। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 89.23 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को पहले की तरह पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया गया है।
सरकार के अनुसार जून 2026 से स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को हर महीने की 1 से 10 तारीख के बीच पोस्टपेड आधार पर बिल जारी किए जाएंगे। उपभोक्ताओं को एसएमएस, व्हाट्सऐप और ई-मेल के माध्यम से बिल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 15 मई से 30 जून तक पूरे प्रदेश में विशेष कैंप लगाकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।