पश्चिम एशिया संकट के बीच योगी आदित्यनाथ की अपील, कहा— राष्ट्रहित में सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी

पश्चिम एशिया संकट के बीच योगी आदित्यनाथ की अपील, कहा— राष्ट्रहित में सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी

1000219111

Yogi Adityanath appeals amid West Asia crisis

लखनऊ। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और उसके संभावित वैश्विक असर के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को देशवासियों से सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की। लखनऊ में एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय राष्ट्रहित सर्वोपरि होना चाहिए और हर नागरिक को ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विकल्प अपनाकर देश के आत्मनिर्भरता अभियान को मजबूत करना चाहिए।

होटल ताज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी की तरह मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का सामना भी एकजुट होकर करना होगा। पश्चिम एशिया संकट का असर ईंधन, खाद्य और उर्वरक आपूर्ति पर पड़ सकता है, इसलिए हर नागरिक को जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को ध्यान से पढ़ें, चिंतन, मनन व चर्चा करें तथा उसके पश्चात निष्कर्ष निकालें। उन्होंने कहा कि “देश रहेगा तो हम सब रहेंगे, प्रदेश सुरक्षित रहेगा तो हम सब सुरक्षित रहेंगे।”

योगी ने गोआश्रय स्थलों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में गोबर गैस आधारि त सामूहिक किचन माडल विकसित करने की बात भी कही, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके। प्रदेश में नौ वर्ष के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, एमएसएमई, कृषि और निवेश के क्षेत्र में रिकार्ड काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियां और महिलाएं रात में भी बेखौफ घर लौट सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय तीन गुणा बढ़ चुकी है और सरकार बिना नया टैक्स लगाए विकास और गरीब कल्याण दोनों को साथ लेकर चल रही है।