रील्स पर ‘गलत इमोजी’ बना हत्या की वजह, बरेली में युवक की बेरहमी से हत्या
Wrong Emoji' on Reels Becomes Cause of Murder
बरेली। रील्स, स्टेट्स, लाइक और कमेंट में युवा इस कदर फंस चुके हैं कि वह अपराध करने से भी नहीं चूक रहे। समाज में इंटरनेट मीडिया का चस्का किसी मादक पदार्थ की लत से कम नहीं है। इसी लत के चलते अमन रजा की हत्या कर दी गई। उसकी गलती कुछ और नहीं बल्कि इतनी थी कि वह किला निवासी समद मूसा की रील्स पर गलत ईमोजी भेज देता था।
इसी बात से गुस्साए समद ने उसे सिटी स्टेशन के बंद पड़े क्वार्टर के पास बुलाया और पीट-पीटकर हत्या कर दी। किला के मलूकपुर निवासी अमन का बुधवार सुबह सिटी स्टेशन के बंद पड़े क्वार्टर में शव पड़ा मिला था। वह माडल टाउन में अखिलेश मेकओवर पार्लर पर नौकरी करते थे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि मंगलवार शाम से अमन रजा लापता थे। स्वजन ने अमन के तीन दोस्तों पर हत्या की आशंका जताते हुए उनके विरुद्ध प्राथमिकी लिखा दी। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन, कोई भी तथ्य सामने नहीं आया। घटनास्थल से भी तीनों के मोबाइल की लोकेशन मैच नहीं हो रही थी।
इसके बाद पुलिस ने अमन रजा के फोन की सीडीआर मंगाई तो उसमें दो अंजान नंबर दिखाई दिए। उन नंबरों का पीछा करते हुए पुलिस किला के जखीरा निवासी समद मूसा के पास तक पहुंच गई। उसे हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की और घटना स्थल से उसके मोबाइल की लोकेशन मिलाई तो मैच हो गई।
इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। शुरूआत में तो समद ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन, बाद में घटना स्वीकार ली। कहा कि, वह रील्स बनाने का शौकीन है। जब भी वह कोई रील्स पोस्ट करता तो उस पर अमन गलत ईमोजी बनाकर भेजता था।
कभी समद ने कोई दुख भरी रील्स शेयर की तो उस पर हंसी का ईमोजी भेजता कभी हंसी वाली रील्स पोस्ट की तो उस पर दुख वाली इमोजी भेजता था। इससे वह परेशान हो गया था। इसी बात पर इंस्टाग्राम चैट पर भी समद मूसा और अमन रजा की बहस हो चुकी थी।
जब लगा कि मामला ऐसे नहीं निपटेगा तो समद ने अमन को मिलने के लिए सिटी स्टेशन पर बुलाया। इसके बाद दोनों बंद पड़े क्वार्टर में गए और वहां पर सदम ने पीट-पीटकर अमन रजा की हत्या कर दी। पीटने के दौरान ही अमन के गले की हड्डी टूट गई थी।
शातिर है समद मूसा, चाय वाले के फोन से की थी काल
समद मूसा इतना शातिर था कि उसने अमन को बुलाने के लिए अपने फोन से काल नहीं की थी। किला क्षेत्र में वह जिस चाय वाले राजा के यहां चाय पीता था उसी का फोन लेकर अमन को फोन किया। मूसा ने उस नंबर से अमन को दो काल किए थे।
पुलिस ने जब सीडीआर की एनालिसिस की तो पता चला कि जिस नंबर से आखिरी काल अमन को की गई थी उससे पहले कभी कोई काल नहीं थीं। शक के आधार पर पुलिस ने चाय वाले राजा से पूछताछ की तो उसने मूसा का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पटरी पर पटका तो उठ नहीं सका अमन
पूछताछ में मूसा ने बताया कि बुलाने पर अमन चौपुला पुल के पास आ गया था। वहां से प्यार से बातचीत करते हुए वह उसे रेल की पटरी के पास ले गया। वहां जाकर पूछा कि वह ऐसा क्यों करता है। इसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ तो मूसा ने अमन को उठाकर पटरी पर पटक दिया, जिससे उसके गले में चोट लगी।
जब वह तड़प रहा था तो मूसा ने पीठ और छाती पर लाते मारीं। इसके बाद जब उसकी हलचल बंद हो गई तो उसे खींचकर खंडहर में ले जाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं गया तो पीठ पर उठाकर ले गया। इसके बाद मूसा ने उसे क्वार्टर में ही स्लैब के नीचे छिपा दिया।
अमन रजा की हत्या किला के जखीरा निवासी समद मूसा ने की थी। पूछताछ में सामने आया कि अमन रजा समद की रील्स पर गलत रिएक्ट करता था इसलिए उसने हत्या कर दी। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
- आशुतोष शिवम, सीओ सिटी।