Haryana- हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस के 66 उम्मीदवार फाइनल; बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात की
BREAKING
पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर AAP का हमला, संजय सिंह और आतिशी ने उठाए सवाल सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल ले जाने का हाई कोर्ट का आदेश, कहा- पसंद के अस्पताल में इलाज कराना मौलिक अधिकार यूपी कैबिनेट की बड़ी मंजूरी, 26,315 करोड़ रुपये से बनेगा 333 किमी लंबा विंध्य एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से; 10 लाख नए राशन कार्ड बनाए जाएंगे, CM मान बोले- मैनुअल नहीं डिजिटल वैरिफिकेशन होगा दिल्ली में PM आवास के पास राहुल गांधी का विरोध प्रदर्शन; मोदी-धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया

हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस के 66 उम्मीदवार फाइनल; पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने राहुल गांधी से मुलाकात की

 Wrestlers Bajrang Punia Vinesh Phogat Met Rahul Gandhi in Delhi

Wrestlers Bajrang Punia Vinesh Phogat Met Rahul Gandhi in Delhi

Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट अब किसी भी वक्त जारी कर सकती है। दिल्ली में कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की 2 दिनों की बैठक में अब तक 66 सीटों पर उम्मीदवार फाइनल किए जा चुके हैं। वहीं बाकी सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर फिर से बैठक की जाएगी। इस बीच दिल्ली में ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट ने राहुल गांधी से मुलाक़ात की है। साथ ही कांग्रेस संगठन महासचिव केस वेणुगोपाल से भी दोनों पहलवान मिले हैं। दोनों की यह मुलाक़ात सियासी मानी जा रही है। मुलाक़ात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

दरअसल, पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के कांग्रेस में शामिल होने और हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा ज़ोरों पर है। ऐसे में दोनों का दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी और कांग्रेस संगठन महासचिव केस वेणुगोपाल से मुलाक़ात करना। इस बात का संकेत है कि दोनों विधानसभा चुनाव में राजनीतिक किस्मत आजमाने उतर सकते हैं। वहीं बजरंग और विनेश के चुनाव में उतरने और उनकी उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस की तरफ से भी गोलमोल जवाब सामने आ रहे हैं। इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस न तो न कर रही है और न ही अभी स्थिति स्पष्ट कर रही है।

बीते कल CEC की बैठक से पहले और बाद में जब हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया से बजरंग और विनेश को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा कि, बैठक में जिन उम्मीदवारों की चर्चा हुई उनमें विनेश फोगाट या बजरंग पुनिया का नाम नहीं है। मुझे लगता है कि एक-दो दिन में इस पर स्पष्टता आ जाएगी। दीपक बाबरिया के मुताबिक, हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट कल जारी होने की संभावना है।

बजरंग पूनिया को 2, विनेश फोगाट को 3 सीटें ऑफर

कांग्रेस पूरी तरह से यह चाहती है कि पहलवान बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव लड़ें। पार्टी इसके लिए दोनों की रजामंदी पर ज़ोर दे रही है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने बजरंग पूनिया को 2 और विनेश फोगाट को 3 सीटें ऑफर की हैं। इन सीटों में से वह किसी भी सीट पर चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस बजरंग पूनिया को बादली या राई विधानसभा से चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। जबकि कांग्रेस विनेश को बाढ़डा, दादरी या जुलाना से चुनाव मैदान में उतारना चाह रही है। अगर बजरंग पुनिया बादली सीट से लड़ेंगे तो वहां से कांग्रेस के मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स की टिकट कट सकती है।

कांग्रेस और आप में गठबंधन पर बातचीत चल रही

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए AAP के साथ गठबंधन पर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस 7 सीटें देने को तैयार है लेकिन आम आदमी पार्टी ने 10 सीटों की मांग की है। गठबंधन को लेकर दोनों पार्टियों में अभी सहमति नहीं बन पा रही है। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने बताया कि, गठबंधन के संबंध में आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ बातचीत बहुत प्रारंभिक मोड में है। हम इस बारे विस्तृत आकलन कर रहे हैं। गठबंधन को लेकर अगर अगले 2-3 दिनों में कुछ और होता है, तो हम बताएंगे। बता दें कि, कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के बारे में बातचीत करने को लेकर एक कमेटी बनाई गई है।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव का शेड्यूल बदला

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। इलेक्शन कमीशन (ECI) ने नया शेड्यूल जारी किया है। जहां नए शेड्यूल के मुताबिक, हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। इससे पहले 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।

रियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।

 

यह पढ़ें- हरियाणा के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट वायरल; रणदीप सुरजेवाला और चंद्रमोहन जैसे 16 नाम शामिल, मगर फेक बताई जा रही