पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान पर किया भीषण हमला; एयर स्ट्राइक कर बरसाए बम, बड़ी संख्या में लोगों की मौत, बच्चे भी मारे गए

Pakistan Attack On Afghanistan Many People Killed Injured

Pakistan Attack On Afghanistan Many People Killed Injured

Pakistan Attack On Afghanistan: पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान पर भीषण हमला किया है। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार रात अफगानिस्तान के सीमावर्ती रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया और एयर स्ट्राइक कर ताबड़तोड़ बमबारी की। पाकिस्तान के इस हमले में दर्जन से ज्यादा अफगानी लोगों की मौत होने की खबर है। मृतकों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 15 से ज्यादा लोग बुरी तरह से घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी सेना की ओर से अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के अलग-अलग रिहायशी इलाकों में एयर स्ट्राइक कर बम बरसाए गए। पाकिस्तान के भयंकर हमले से ये तमाम इलाके धुएं के गुबार में ढंके नजर आए। वहीं पाकिस्तान की ओर से यह हमला किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी आपसी तनाव और बढ़ गया है। अफगानिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान के इस हमले की कड़ी निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है।

पाकिस्तानी हमले पर अफगानिस्तान ने क्या कहा?

पाकिस्तानी सेना के इस हमले को तालिबान सरकार ने अमानवीय और क्रूरतापूर्ण बताया है। अफगान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी हमलावर सेना ने मंगलवार की देर रात एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुलेआम उल्लंघन किया और हवाई हमले में कई लोगों की जान चली गई। जबीउल्लाह ने आगे बताया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान के तीन प्रमुख प्रांतों- कुनार, खोस्त और पक्तिका में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है और इन इलाकों में रहने वाले आम नागरिकों के घरों पर अंधाधुंध बमबारी की गई है, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं।

पाकिस्तान ने क्या कहा?

रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी पक्ष का दावा है कि पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान में आम लोगों को निशाना नहीं बनाया बल्कि ये एयरस्ट्राइक पाकिस्तान के खिलाफ काम कर रहे आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई है। बता दें कि पाकिस्तान लगातार तालिबान प्रशासन पर टीटीपी (TTP) जैसे आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि अफगानिस्तान इन आरोपों का खंडन करता है। अफगानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान बेवजह उकसावे की कार्रवाई कर रहा है।

मार्च 2026 में काबुल में मारे थे 400 लोग

बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि जब पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर हमला किया हो। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने मार्च 2026 में काबुल में एयर स्ट्राइक की थी। पाकिस्तानी सेना की इस एयर स्ट्राइक में काबुल में लगभग 400 लोगों की मौत हुई थी और 250 से ज्यादा लोग घायल बताए गए थे। पाकिस्तान का अफ़ग़ानिस्तान पर यह सबसे बड़ा हमला माना गया था। इस हमले में अफ़ग़ानिस्तान के एक नशा मुक्ति अस्पताल पर भी हमला किया गया था. जिसमें बड़ी संख्या में लोग मारे गए। मरने वालों में ज़्यादातर अस्पताल के लोग ही शामिल थे। हमले के बाद भयानक आग में जलते अस्पताल का वीडियो सामने आया था।

जबकि इससे पहले पिछले दिनों में भी पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच टकराव दिखता रहा है। पिछले दिनों में पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर कई बार हवाई हमले किए। जिसके बाद जवाब में तालिबान ने भी पाकिस्तान के कई ठिकानों पर ड्रोन दागे थे। पाकिस्तान के हमले में अफ़ग़ानिस्तान में अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पाकिस्तान का कहना है कि वह केवल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के ठिकानों को निशाना बना रहा है। यह संगठन पाकिस्तान में प्रतिबंधित है। जिसने कई बार पाकिस्तान की सेना पर हमला किया है। जिसमें कई पाक सैनिकों की मौत हुई है।

फिलहाल पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर खूनी संघर्ष बढ़ता जा रहा है। एक तरफ पाकिस्तानी सेना जहां अफगान इलाकों पर हवाई हमला कर रही है तो वहीं तालिबान लड़ाके भी जवाबी कार्रवाई में पाक सेना को मुंह तोड़ जवाब दे रहे हैं। यानि दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है। वहीं तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तान उसके आवासीय इलाकों को निशाना बना रहा है। जिसमें आम नागरिकों की जान जा रही है। तालिबान सरकार ने भी ऐलान किया है कि पाकिस्तान के हर हमले का उसे मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।