कुरुक्षेत्र मंडी में हादसा: गेहूं की बोरियों के नीचे दबकर महिला की मौत
Woman Crushed to Death Under
कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद की अनाज मंडी में एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हसीना खातून निवासी बिलासपुर, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हसीना मंडी में झाड़ू-पोछा लगाने और गेहूं इकट्ठा करने का काम करती थी। घटना के समय वह गेहूं के रैक के पास काम कर रही थी, तभी अचानक बोरियों का बड़ा ढेर उसके ऊपर गिर गया। आसपास मौजूद मजदूरों ने तुरंत बोरियां हटाकर उसे बाहर निकाला और डायल-112 को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इन दिनों मंडी में गेहूं की भारी आवक के चलते बोरियों के बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ गया है। घटना के बाद मंडी में काम कर रहे मजदूरों में दहशत का माहौल है।