Woman and 10-Year-Old Son Murdered

मुरादाबाद में महिला और 10 वर्षीय बेटे की हत्या, पति समेत 5 लोग हिरासत में

undefined

Woman and 10-Year-Old Son Murdered

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने महिला के पति समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि मामला कथित अवैध संबंधों और पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) रणविजय सिंह ने बताया कि घटना पाकबड़ा थाना क्षेत्र की है। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए लोगों में महिला का पति, देवर, चाचा ससुर और कथित प्रेमी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मोदहा तैय्या गांव के पास जंगल से महिला का शव बरामद हुआ था। इसके अगले दिन गुरुवार को करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत से उसके 10 वर्षीय बेटे का शव मिला।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या गला घोंटकर की गई, जबकि महिला की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई। दोनों शवों की पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उनके चेहरे जलाने की भी कोशिश की। हालांकि, बच्चे का चेहरा पूरी तरह नहीं जलने के कारण उसकी पहचान अंकुश के रूप में हुई, जिसके बाद महिला की पहचान उसकी मां सीमा के रूप में की गई।

पुलिस के मुताबिक, सीमा पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति जसराम से अलग रह रही थी। जसराम पेशे से ट्रक चालक है, लेकिन बीमारी के चलते फिलहाल काम नहीं कर रहा है। जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सीमा का एक अन्य व्यक्ति के साथ कथित संपर्क था।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का कार्य जारी है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।