हरियाणवी म्यूजिक प्रोड्यूसर से मोस्ट वांटेड गैंगस्टर तक: जानिए कौन है दीपक नांदल, जिसका नाम फिर सुर्खियों में

1000259367

From Haryanvi music producer to most-wanted gangster

गुरुग्राम। From Haryanvi music producer to most-wanted gangster, एक तरफ स्टूडियो में माइक, दूसरी तरफ पिस्टल। हरियाणवी गानों के हिट प्रोड्यूसर से लेकर विदेश में बैठे गैंगस्टर तक का सफर दीपक नांदल की कहानी है।

गुरुग्राम में गुरुवार रात हुए एनकाउंटर में चार शूटरों के ढेर होते ही एक बार फिर दीपक नांदल का नाम सुर्खियों में है। हरियाणा पुलिस की मोस्टवांटेड लिस्ट में शामिल नांदल पर अब रंगदारी से लेकर कॉन्ट्रैक्ट किलिंग तक के आरोप हैं।

deepal nandal 2

म्यूजिक से मिली पहचान

दीपक नांदल मूल रूप से रोहतक का रहने वाला है। इसकी उम्र करीब 39 साल है। 2010 के शुरुआती दौर में वो हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा था। उसने मिक्स बीट्स नाम का म्यूजिक लेबल शुरू किया था।

badshah

नांदल ने बादशाह और राहुल फाजिलपुरिया जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम किया। कर गई चुल, टू मेनी गर्ल्स, हरियाणा रोडवेज जैसे सुपरहिट गानों में उसका नाम प्रोड्यूसर के तौर पर आया।

rahul fazilpuria

क्राइम की दुनिया में एंट्री

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नांदल का पहला केस 2009 में दर्ज हुआ था। आरोप था गुरुग्राम सदर बाजार में अटेम्प्ट टू मर्डर का। हालांकि, बाद में वो इस केस में बरी हो गया।

इसी दौरान उसकी संगठित गैंगों से नजदीकियां बढ़ीं। धीरे-धीरे वो म्यूजिक से दूर होता गया और रंगदारी, हथियार और गैंगवार की दुनिया में उतर गया।

विदेश से चल रहा गैंग

केस बढ़ते ही नांदल देश छोड़कर चला गया। जांच एजेंसियों के अनुसार पहले वो दुबई गया और फिर यूके में ठिकाना बना लिया। इस समय उसके दुबई में होने की जानकारी है।

आज वहीं बैठकर वह इंटरनेट मीडिया, इंटरनेट कॉल और अपने गुर्गों के जरिए हरियाणा और आसपास के राज्यों में गैंग ऑपरेट करता है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं।

गुरुग्राम एनकाउंटर से बड़ा झटका

गुरुवार रात सुशांत लोक एक में नांदल गैंग के पांच शूटर रंगदारी वसूलने आए थे। पुलिस से मुठभेड़ में 4 मारे गए और 1 घायल है। पुलिस इसे नांदल नेटवर्क पर बड़ी चोट मान रही है।

deepal nandal 1

एक साल में 10 से ज्यादा बार फैलाई दहशत

पिछले एक साल में गैंगस्टर ने गुरुग्राम में करीब एक दर्जन वारदात कराई हैं। हालांकि, सभी मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की है, लेकिन दीपक नांदल के गले तक गुरुग्राम पुलिस के हाथ अभी नहीं पहुंच पाए हैं।

गुरुग्राम में दीपक नांदल गिरोह द्वारा वारदातों का सिलसिला पिछले साल जुलाई से शुरू हुआ था, जो अब तक चल रहा है। पिछले साल 14 जुलाई को गायक राहुल फाजिलपुरिया पर भी जानलेवा हमला किया गया था।

एसपीआर रोड पर दो बदमाशों ने उनकी थार गाड़ी पर फायरिंग की थी। बताया जाता है कि दोनों के बीच पांच करोड़ के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था।

दीपक नांदल उस पर पांच करोड़ रुपये देने का दबाव बना रहा था। इसी पैसे के लेनदेन में 20 दिन बाद ही फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की भी गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी।

यह घटना भी एसपीआर रोड पर हुई थी। इसके बाद गुरुग्राम के सेक्टर 45 में एक बिल्डर के यहां भी फायरिंग कराई गई थीं, इसमें भी नांदल गिरोह का नाम सामने आया था।

फाजिलपुरिया के करीबी निशाने पर 

अभी इसी साल दो मई को ही सेक्टर 40 थाना क्षेत्र के कन्हई गांव में बाइक सवार बदमाशों ने गायक राहुल फाजिलपुरिया के आर्गेनाइजर के घर के बाहर फायरिंग की थी। यह फायरिंग भी दीपक नांदल गिरोह ने कराई थी।

चार राउंड फायरिंग में दो गोली घर के बाद सुरक्षा में तैनात सिपाही को लगी थीं। हालांकि, इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मुठभेड़ में एक अपराधी को ढेर कर दिया था। इसके अलावा भी गिरोह ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। अब नांदल ने सुशांत लोक फेस एक स्थित विशाल बेरी के घर पर फायरिंग कराई।