ग्रेटर नोएडा में महिला ने दो लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया

ग्रेटर नोएडा में महिला ने दो लोगों पर धमकी देने का आरोप लगाया

Woman accuses two men of threatening

Woman accuses two men of threatening

ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला ने दो लोगों पर पाकिस्तानी नंबर से उसके मोबाइल फोन पर काल कर धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था, जो अदालत में विचाराधीन है। इसी मामले में आरोपितों द्वारा गवाह व पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

क्षेत्र के शाहबेरी निवासी पीड़िता ने गाजियाबाद के सराय नजर अली निवासी हारुन खान उर्फ नौनू व एक अज्ञात समेत दो पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

पुलिस जांच में पता चला कि जुलाई 2023 में पीड़िता ने हारून खान, मोनू खान, सोनू खान, राजू खान पर मामला दर्ज कराया था।

हिंदू बताकर दोस्ती करने का आरोप

आरोप लगाया था कि जिम संचालक हारुन ने खुद काे हिंदू बता अपना नाम नौनू बता दोस्ती की। इसके बाद पीड़िता को अपने दोस्त के फ्लैट ले जाकर 24 नवंबर 2021 को जन्मदिन का बहाना बनाकर दुष्कर्म किया।

बाद में पीड़िता की फोटो प्रसारित करने की धमकी देकर शोषण करता रहा। आरोपित ने पीड़िता की बेटी की शादी सोनू खान एवं मोनू खान में से किसी एक से कराने का दबाव बनाया था।

पुलिस ने आरोपित हारून सहित अन्य के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, मतांतरण समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। यह भी आरोप है कि एक सितंबर 2023 को जेल से बाहर आने के बाद आरोपित ने चाचा के बेटे के साथ पीड़िता के घर में घुस कर जान से मारने की धमकी दी थी।

गाजियाबाद का निवासी है गवाह

इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अक्टूबर 2023 को आरोपित सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उक्त मामले अदालत में विचाराधीन हैं। इनमें गाजियाबाद निवासी एक युवक पीड़िता की तरफ से गवाह है।

इसी के चलते पीड़िता ने गवाह को पाकिस्तानी नंबर से काल कर जान माल की धमकी देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि आरोपित पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।