डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर पर ‘ब्रह्मोस’ से सीएम योगी ने दी 'दुश्मन' को चेतावनी

डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर पर ‘ब्रह्मोस’ से सीएम योगी ने दी 'दुश्मन' को चेतावनी

1000211977

With 'sindoor' in his DP and 'BrahMos' on his cover

- ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का खास संदेश

- योगी आदित्यनाथ ने बदली सोशल मीडिया डीपी

- कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल दिखाकर दिया संकेत

- पीएम मोदी समेत भाजपा नेताओं ने भी बदली प्रोफाइल फोटो

- 7 मई 2025 को भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए थे

- “Justice is Served” पोस्ट से दुनिया ने देखी भारत की ताकत

- डिफेंस कॉरिडोर के लखनऊ नोड में हो रहा ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण

- यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बना देश की नई ताकत

- योगी बोले- आतंक का जवाब दुश्मन के दरवाजे पर देंगे

- ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

लखनऊ, 7 मई। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन कर रहा है। इस मौके पर भाजपा के कई बड़े नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया, लेकिन सबसे अधिक चर्चा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया अकाउंट की हो रही है। योगी आदित्यनाथ ने अपनी डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर फोटो में ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ को स्थान देकर एक मजबूत राष्ट्रीय संदेश देने की कोशिश की है।

एक साल पहले भारत ने दिया था करारा जवाब
7 मई 2025 की वह रात देश कभी नहीं भूल सकता, जब भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। उसी रात भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर साझा करते हुए “Justice is Served” लिखा था। इसके बाद पूरी दुनिया ने भारत की सैन्य क्षमता और निर्णायक कार्रवाई को गंभीरता से लिया।

पीएम मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बदली डीपी
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर के प्रति सम्मान प्रकट किया। देशभर में आम नागरिक भी इस अभियान से जुड़ी तस्वीरों और प्रतीकों को सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

योगी के कवर फोटो में दिखा ‘ब्रह्मोस’, संदेश साफ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बार सिर्फ प्रतीकात्मक बदलाव नहीं दिखा, बल्कि एक स्पष्ट रणनीतिक संदेश भी नजर आया। उनकी कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल को प्रमुखता से दिखाया गया, जिसे भारत की सबसे ताकतवर सुपरसोनिक मिसाइलों में गिना जाता है। इसे पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ भारत की आक्रामक नीति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस, यूपी बन रहा रक्षा उत्पादन का केंद्र
ब्रह्मोस मिसाइल का उत्तर प्रदेश से खास संबंध है। अब इसका उत्पादन लखनऊ में किया जा रहा है, जो राज्य के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। योगी सरकार लगातार यह संदेश देती रही है कि उत्तर प्रदेश अब सिर्फ कृषि और संस्कृति का प्रदेश नहीं, बल्कि रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत का भी बड़ा केंद्र बन रहा है।

योगी पहले भी दे चुके हैं सख्त संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मंचों से ब्रह्मोस मिसाइल और भारत की सैन्य ताकत का उल्लेख करते रहे हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत के उस संकल्प की घोषणा थी कि आतंक का जवाब अब कूटनीति की मेज़ पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाज़े पर दिया जाएगा।” उनके इस बयान को भारत की बदली हुई सुरक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही तस्वीरें
ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर बदली गई डीपी और कवर फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। समर्थक इसे राष्ट्रवाद और सैन्य सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी योगी आदित्यनाथ के इस डिजिटल संदेश की चर्चा हो रही है।