भीषण गर्मी से हल्की राहत; चंडीगढ़-पंजाब में सुबह-सुबह तेज आंधी से बदला मौसम, बारिश की बौछारों से तापमान में गिरावट, बादल छाए हुए
Weather Today Update Relief From Heat Wave Chandigarh Punjab Rain
Weather Today Update: इस बार अप्रैल महीने में ही पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है। आसमान से आग बरस रही है। इस बीच आज (28 अप्रैल) को पंजाब-चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ मौसम बदल गया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश की बौछारों से तापमान में गिरावट देखी जा रही है। तेज झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश की फुहारें पड़ने से लोग चिलचिलाती गर्मी से हल्की राहत महसूस कर रहे हैं। लगातार कई दिनों से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था।
.jpg)
आसमान में बादल छाए हुए
अभी भी पंजाब-चंडीगढ़, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए देखे जा रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ हिस्सों में 28 से 30 अप्रैल और कुछ जगहों पर 2 मई तक मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रह सकता है। ऐसे में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी की रफ़्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। बारिश की वजह से तापमान में भी कमी आएगी। चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान इस समय 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। जो कि 40 डिग्री पार कर गया था।

गर्म लू के थपेड़े जारी रहेंगे
हालांकि उत्तर भारत के सभी हिस्सों में अभी लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक जहां दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में आज बारिश हो सकती हैं तो वहीं कुछ हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी और लू के थपेड़े जारी रहेंगे। लोगों को सलाह दी गई है कि वह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर धूप में न निकलें। ज्यादा से ज्यादा पानी या नीबू पानी पिएं और हल्के कपड़े पहने।
.jpg)