हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी का दौर जारी
Weather takes a turn in Himachal
शिमला। Weather takes a turn in Himachal, राजधानी शिमला सहित निचले इलाकों में सुबह से ठंडी हवाओं के साथ बारिश का क्रम जारी है। शिमला शहर व इसके आसपास के क्षेत्रों में गत रात्रि से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। जबकि मनाली, केलंग और लाहुल-स्पीति के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है।
दर्राें में पिछले चार दिनों से हिमपात होने का क्रम बना हुआ है और तीन फीट से अधिक हिमपात हो चुका है। मनाली व इसके आसपास सोलंगनाला में सुबह से हिमपात हो रहा है, जबकि मनाली के निचले हिस्सों में गत रोज से वर्षा हो रही है। अटल टनल और उसके आसपास के इलाकों में भी बर्फ गिरने का सिलसिला जारी है, जिसके चलते सोलंगनाला से आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है
वर्षा व हिमपात से कई जगहों पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। चंबा जिले में लगातार बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी के कारण पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग और पांगी वाया साच-पास समेत कई सड़कें बंद हो गई हैं। करीब 30 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। किन्नौर में मालिंग नाला के पास भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 अवरुद्ध हो गया है।
किन्नौर, लाहुल-स्पीति व शिमला, कुल्लू, चंबा, कांगड़ा जिलों के ऊंचाई वाले स्थानों में एक-दो स्थानों पर भारी हिमपात होने और इन जिलों के साथ मंडी जिला के निचले क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में मौसम ने मार्च के महीने में दिसंबर जैसी सर्दी का अहसास करा दिया है।
राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है, जबकि बीती रात कई स्थानों पर तेज आंधी भी चली। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए भारी वर्षा, बर्फबारी, ओलावृष्टि व तूफान चलने का आरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बर्फबारी के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीती रात लाहुल-स्पीति जिला के गोंदला में 13 सेंटीमीटर, केलंग में 12 सेंटीमीटर, कुकुमसेरी में 11.4 सेंटीमीटर, हंसा में 10 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में 1.4 सेंटीमीटर और कल्पा में 0.4 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई है।
वहीं, बारिश की बात करें तो मनाली में 57 मिमी, सराहन में 32.5 मिमी, सियोबाग में 32.4 मिमी, जोगिंदरनगर में 10 मिमी, धर्मशाला में 15.3 मिमी, शिमला में 16 मिमी, ऊना में 8.4 मिमी, सुंदरनगर में 8.0 मिमी व हमीरपुर के नेरी में 16.5 मिमी वर्षा रिकार्ड हुई है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शिमला में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री की गिरावट के साथ 7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल येलो अलर्ट के साथ खराब मौसम बना रहेगा।
21 और 22 मार्च को भी मौसम खराब रहेगा, लेकिन कोई अलर्ट नहीं है। 23 मार्च को फिर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 24 और 25 मार्च को भी मौसम खराब रहने का अनुमान है, हालांकि इन दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
प्रमुख शहरों में तापमान की स्थिति
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 7.0, 12.6
- सुंदरनगर, 10.7, 18.4
- भुंतर, 8.5, 15.4
- कल्पा, 1.2, 8.1
- धर्मशाला, 8.2, 17.0
- ऊना, 11.6, 17.6
- नाहन, 10.0, 21.8
- सोलन, 9.4, 16.0
- मनाली, 3.1, 11.6
- मंडी, 11.7, 18.9
- बिलासपुर, 13.0, -
- कुफरी, 2.8, 7.2
- कुकुमसेरी, -0.6, -
- ताबो, 1.2, 11.2