Water, Garbage Collection

1 अप्रैल से चंडीगढ़ में पानी, कूड़ा कलेक्शन और शराब महंगी, नगर निगम ने बढ़ाए टैरिफ

pp

Water, Garbage Collection

चंडीगढ़ के लोगों को 1 अप्रैल से अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ेगा। नगर निगम ने पानी के टैरिफ, सीवरेज सेस और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शुल्क में बढ़ोतरी का फैसला किया है। इसके साथ ही पहली अप्रैल से नई आबकारी नीति भी लागू हो जाएगी, जिससे शराब की कीमतों में भी हल्का इजाफा होगा।

जानकारी के अनुसार, पानी के हर स्लैब पर लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। उदाहरण के तौर पर 0 से 15 किलोलीटर पानी पर लगने वाला शुल्क बढ़कर 3.64 रुपये प्रति किलोलीटर हो जाएगा। हालांकि कम पानी इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर इसका असर सीमित रहेगा और उनके बिल में मामूली बढ़ोतरी ही दिखाई देगी।

बताया जा रहा है कि 60 किलोलीटर से अधिक पानी की खपत पर 24.31 रुपये प्रति किलोलीटर के हिसाब से बिल आएगा। वहीं घरों के एरिया के आधार पर कलेक्शन चार्ज भी बढ़ाया गया है। दो मरला घरों के लिए कलेक्शन चार्ज 57.88 रुपये से बढ़ाकर 60.77 रुपये कर दिया गया है, जबकि दो से दस मरला तक के घरों के लिए यह शुल्क 115.76 रुपये से बढ़ाकर 121.55 रुपये कर दिया गया है।

इसके अलावा कूड़ा कलेक्शन शुल्क में भी लगभग 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है और सीवरेज सेस में भी इजाफा होगा। नगर निगम के कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग और निगम की संपत्तियों के किराए में भी वृद्धि की गई है।

वहीं नई आबकारी नीति लागू होने के साथ शराब की कीमतों में भी करीब 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। इसके तहत 500 रुपये की बोतल करीब 10 रुपये महंगी हो जाएगी, जबकि 2000 रुपये की बोतल पर लगभग 40 रुपये का इजाफा होगा। इसके साथ ही अब डिपार्टमेंटल स्टोर्स में भी शराब बेचने की अनुमति दी जाएगी।

इन फैसलों के लागू होने के बाद शहरवासियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।