हरियाणा निकाय चुनाव में मतदान जारी, 528 सीटों पर वोटिंग; मेयर पद की लड़ाई बनी सबसे दिलचस्प
- By Gaurav --
- Sunday, 10 May, 2026
Voting Underway in Haryana
हरियाणा में तीन नगर निगमों समेत सात निकायों और पंचायती राज संस्थाओं की कुल 528 सीटों पर मतदान जारी है। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
इस बार सबसे ज्यादा नजरें अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के मेयर पद के मुकाबलों पर टिकी हुई हैं। इन तीनों निगमों में दो से तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता शामिल हैं, जिससे चुनावी मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है।
पंचकूला में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने अपने पति के साथ मतदान किया, वहीं अंबाला से भाजपा मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी और सोनीपत से भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से अधिक से अधिक मतदान की अपील की।
रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका में भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। चुनाव को लेकर पूरे जिले में करीब 1100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि मतदान प्रक्रिया के संचालन के लिए लगभग 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रदेशभर में कुल 826 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 8 लाख 70 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। सुबह के समय मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया।