Vote Counting for Kullu

कुल्लू में 31 मई को होगी पंचायत चुनावों की मतगणना

undefined

Vote Counting for Kullu

Kullu जिले में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के परिणामों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई को जिले के विभिन्न मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती की जाएगी। मतगणना प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शुरू होगी, जिसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि मतगणना कार्य के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। विकास खंड कुल्लू की मतगणना राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला खोरी रोपा में होगी, जहां 20 टेबल स्थापित किए जाएंगे। विकास खंड भुंतर के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में 12 टेबल लगाए जाएंगे।

इसी प्रकार विकास खंड बंजार की मतगणना अम्बेडकर भवन बंजार में होगी, जहां 15 टेबल लगाए गए हैं। विकास खंड आनी के लिए राजकीय महाविद्यालय आनी में 15 टेबल स्थापित किए जाएंगे, जबकि विकास खंड निरमंड की मतगणना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान निरमंड में होगी और यहां भी 15 टेबल लगाए गए हैं।

विकास खंड नग्गर की मतगणना तिब्बतियन स्कूल पतलीकूहल में होगी, जहां 21 टेबल लगाए जा रहे हैं। प्रशासन ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा पर्याप्त स्टाफ के साथ रिजर्व स्टाफ की भी तैनाती की गई है ताकि मतगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

जिले में पंचायत चुनाव परिणामों को लेकर उम्मीदवारों और समर्थकों में उत्सुकता बनी हुई है।