अयोध्या में खत्म हुआ VIP कल्चर! राम मंदिर जाने से पहले जान लें ये बदलाव, वरना छूट सकता है दर्शन का मौका

अयोध्या में खत्म हुआ VIP कल्चर! राम मंदिर जाने से पहले जान लें ये बदलाव, वरना छूट सकता है दर्शन का मौका

VIP Culture Ends in Ayodhya

VIP Culture Ends in Ayodhya

VIP Culture Ends in Ayodhya: अयोध्या राम मंदिर में रामलला के दर्शन को लेकर व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे अब श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकेंगे. नई व्यवस्था से भीड़ को भी नियंत्रित किया जाएगा. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव करते हुए विशिष्ट दर्शन का विकल्प हटा दिया है.

अब दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने वाले श्रद्धालु को वेबसाइट पर केवल दो ही विकल्प सुगम दर्शन और सामान्य दर्शन के ही दिखेंगे. दर्शन के लिए श्रद्धालु इन दोनों विकल्पों के तहत रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. ट्रस्ट के अनुसार अब वेबसाइट से बुकिंग करने वाले सभी श्रद्धालुओं को लगभग एक समान श्रेणी में दर्शन का अवसर मिलेगा. इससे वीआईपी कल्चर को भी कम करने में मदद मिलेगी.

किस पास से कहां का कर सकेंगे दर्शन?

नई व्यवस्था के तहत सुगम दर्शन पास के जरिए श्रद्धालु रामलला और राम परिवार के दर्शन कर सकेंगे, जबकि सामान्य दर्शन पास पर मंदिर परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों जैसे सप्तमंडपम और कुबेर टीला के भी दर्शन का अवसर मिलेगा. बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 30 अप्रैल तक के सभी ऑनलाइन स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं.

घटाई गई पास पर श्रद्धालुओं की संख्या

ट्रस्ट ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए एक पास पर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को सीमित कर दिया है. पहले सुगम पास पर 8 लोग दर्शन कर सकते थे, अब इसे घटाकर 5 कर दिया गया है. माना जा रहा है कि यह कदम भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से उठाया गया है.

तैयार किए गए दो AC वेटिंग रूम

इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर के आसपास बुनियादी सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है. श्रीराम जन्मभूमि पथ पर दो नए एसी वेटिंग रूम तैयार किए गए हैं, जहां एक साथ लगभग 3000 लोग बैठ सकेंगे. इन वेटिंग रूम में बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, जिसके माध्यम से रामलला के लाइव दर्शन और भजन प्रसारण की सुविधा भी उपलब्ध होगी.