Vinesh Phogat Claims She

विनेश फोगाट का बड़ा खुलासा: बृजभूषण केस में खुद को बताया पीड़िता, टूर्नामेंट स्थल पर उठाए सवाल

pp

Vinesh Phogat Claims She

ओलिंपियन और भारतीय कुश्ती की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ बड़ा खुलासा करते हुए खुद को मामले की पीड़िताओं में शामिल बताया है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में विनेश ने कहा कि बृजभूषण के खिलाफ अदालत में चल रहे मामले में जिन 6 पीड़ितों का जिक्र है, उनमें वह भी शामिल हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

विनेश फोगाट ने कहा कि महिला खिलाड़ियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, लेकिन उनका अनुभव इसके विपरीत रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच आयोजित होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट को लेकर उन्हें गंभीर आपत्ति है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा बृजभूषण शरण सिंह का गढ़ है, जहां उनका निजी कॉलेज है और पूरे इलाके में उनका प्रभाव है। ऐसे माहौल में निष्पक्ष प्रतियोगिता संभव नहीं है। विनेश ने कहा कि जिस व्यक्ति पर शोषण के आरोप हैं, उसी के प्रभाव वाले क्षेत्र में जाकर कुश्ती लड़ना किसी भी महिला खिलाड़ी के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से डरावना हो सकता है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि उनके साथ किसी भी तरह की अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।

लंबे समय बाद वापसी कर रहीं विनेश ने कहा कि वह पिछले कुछ महीनों से कड़ी मेहनत कर रही हैं और उनका लक्ष्य देश के लिए फिर से पदक जीतना है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरना चाहती है, लेकिन व्यवस्थागत कमियां खिलाड़ियों के मनोबल को प्रभावित कर रही हैं।