यूवीएम ने बाजारों के अंदर प्रस्तावित नए वेंडिंग ज़ोन बनाने का विरोध किया
UVM opposed the creation of proposed
चंडीगढ़, 25 मई 2026। UVM opposed the creation of proposed, उद्योग व्यापार मंडल चंडीगढ़ (रजि.) ने शहर के कुछ बाजारों के अंदर प्रस्तावित वेंडिंग ज़ोन बनाए जाने का विरोध किया है। मंडल ने मांग की है कि वेंडिंग ज़ोन बाजारों की सीमा से बाहर बनाए जाएं।
यूवीएम के प्रधान कैलाश जैन और सचिव नरेश गोयल ने इस संबंध में पंजाब के महामहिम राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सेक्टर 19, सेक्टर 22 सहित कई प्रमुख बाजारों में कुछ वेंडर्स द्वारा बाजारों के अंदर वेंडिंग ज़ोन बनाने की मांग की जा रही है, जिससे दुकानदारों और आम लोगों की परेशानियां बढ़ेंगी।
कैलाश जैन ने बताया कि चंडीगढ़ के संगठित बाजारों की मूल योजना दुकानों की संख्या, ग्राहकों की आवाजाही, पार्किंग क्षमता तथा यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाई गई थी। बाजारों के भीतर लगातार बढ़ती वेंडिंग गतिविधियों के कारण इन बाजारों की मूल संरचना एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश वेंडर्स केवल प्रमुख बाजारों में ही स्थान चाहते हैं क्योंकि वहां व्यावसायिक गतिविधियां अधिक हैं। इससे बाजारों में अत्यधिक भीड़, ट्रैफिक अव्यवस्था तथा आम जनता एवं स्थायी दुकानदारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
यूवीएम ने स्पष्ट किया कि वह वेंडर्स के रोजगार और पुनर्वास के खिलाफ नहीं है, लेकिन उनके लिए अलग और व्यवस्थित स्थान बाजारों के बाहर बनाए जाने चाहिए। मंडल ने मांग की कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग सुव्यवस्थित वेंडिंग स्थल विकसित किए जाएं ताकि सभी वेंडर्स केवल प्रमुख बाजारों में केंद्रित न हों।
मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि बाजारों के अंदर कोई नया वेंडिंग ज़ोन न बनाया जाए और जो वेंडिंग ज़ोन पहले से बाजारों में हैं, उन्हें भी बाहर स्थानांतरित किया जाए।