कांवड़ मेले की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार में 6000 जवान तैनात, 18 सुपर जोन और 141 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र

1000270508

6,000 personnel deployed in Haridwar for Kanwar Mela security

हरिद्वार। श्रावण मास कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस रविवार से मोर्चा संभालने जा रहे हैं।

मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बांटते हुए पुलिस, पीएसी व 13 कंपनी अर्द्धसैनिक बलों को मिलाकर लगभग छह हजार जवानों को तैनात किया जाएगा।

कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। शनिवार को एडीजी ला एंड आर्डर वी. मुरुगेशन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप व हरिद्वार के डीएम-एसएसपी ने जवानों को ब्रीफ किया। अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा से डयूटी का पाठ पढ़ाते हुए शिवभक्तों से मधुर व्यवहार करने की नसीहत दी गई।

ड्यूटी के दौरान रहें सतर्क

एडीजी ला एंड आर्डर वी मुरुगेशन ने कहा कि कांवड़ मेले को चुनौती के रूप में लेकर पूर्ण मनोयोग से इसे सकुशल संपन्न कराना है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने से रोकें और दुर्घटना होते बिना पल गंवाए अपने अधिकारी को सूचित कर व्यवस्थाओं को सुचारू करने के प्रयास करने में जुट जाएं। डयूटी को लेकर सजगता की हिदायत देते हुए एडीजी ने कहा कि मूकदर्शक बनने के बजाए ड्यूटी के दौरान सतर्क रहें।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि किसी भी छोटी समस्या को नजरअंदाज न किया जाए, क्योंकि वह आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए हर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से एआइ की मदद से कोई भी शरारती तत्व किसी छोटी घटना का दुष्प्रचार कर उसे बड़ा रूप दे सके, जो तेजी से फैलकर देश-दुनिया में गलत संदेश पहुंचा सकता है। इसलिए सतर्कता बरतना और भी जरूरी हो गया है।

आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने मेले में असामाजिक तत्वों से सचेत रहने, धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली संभावनाओं जैसे डीजे में भड़काऊ गाने चलाने जैसी घटनाओं को तत्काल रोकने के लिए निर्देश दिए। आइजी एसटीएफ निलेश आनन्द भरणे ने सभी वाहन निर्धारित पार्किंगों में पार्क कराएं। किसी भी दशा में कोई भी वाहन सड़क किनारे पार्क नहीं होना चाहिए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों-जवानों और पैरामिलिट्री बलों के आपसी समन्वय पर जोर देते हुए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर पार्किंग, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि अधिकारी रेंक से लेकर कांस्टेबल रेंक तक आपसी समन्वय बनाकर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाना है। पूरे मेले की निगरानी 24 घंटे कन्ट्रोल रूम के माध्यम की जाती रहेगी। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपना मोबाइल स्विव आफ नहीं करेंगे।

सुपर जोन में एएसपी, जोन में सीओ की तैनाती

एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि सुपर जोन की जिम्मेदारी एएसपी स्तर के अधिकारियों को दी गई है। जोन की जिम्मेदारी सीओ या इंस्पेक्टर व सेक्टर की जिम्मेदारी एसएचओ, एसओ व एसएसआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह को कांवड़ मेला का नोडल अधिकारी बनाया गया है। एसपी देहात शेखर सुयाल ग्रामीण क्षेत्र में और यातायात प्रबंधन व डायवर्जन की पूरी जिम्मेदारी एसपी क्राइम व यातायात निशा यादव को दी गई है।

ब्रीफिंग में ये रहे मौजूद

रोशनाबाद पुलिस लाइन में ब्रीफिंग के दौरान कुंभ मेला आइजी डा. योगेंद्र सिंह रावत, निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वीके, आइजी संचार विम्मी सचदेवा, एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह, कुंभ मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल, एसडीआरएफ के एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित पीएसी, आईआरबी, होमगार्ड, पीआरडी, वन विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी व अर्द्धसैनिक बल के अधिकारी मौजूद रहे।