रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: तरसाली-फाटा मार्ग पर डम्पर गहरी खाई में गिरा, दो लोगों की मौत
Tragic accident in Rudraprayag
उत्तराखंड। Tragic accident in Rudraprayag, रुद्रप्रयाग के तरसाली-फाटा रोड पर एक ट्रक के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। फाटा एवं बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप गुरुवार देर रात्रि एक डम्पर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में डम्पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दो लोगों की मौत
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम 8:43 बजे कॉलर द्वारा सूचना दी गई कि वाहन संख्या यूके13सीए0826 का डम्पर तरसाली के पास गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डम्पर में दो व्यक्ति सवार थे। संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान के दौरान संजय राणा (लगभग 45 वर्ष) का शव बरामद कर सड़क तक पहुंचा दिया गया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन के शव का स्थान चिन्हित कर लिया गया है तथा उसे खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई जारी है।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान देर रात तक जारी रहा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।