UKPSC ने जारी किया छह परीक्षाओं का नया कैलेंडर, अपर निजी सचिव सिविल न्यायाधीश मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित
UKPSC Exam Schedule Update
देहरादून: UKPSC Exam Schedule Update: उत्तराखंड में नौकरियों की बहार आने वाली है. जो लोग कई परीक्षाओं के प्री एग्जाम दे चुके हैं उनके लिए खुशखबरी है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने 6 प्रमुख परीक्षाओं का अपडेटेड कैलेंडर जारी किया है. ये परीक्षाएं 14 मार्च 2026 से लेकर 31 मई 2026 तक आयोजित होंगी.
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग का मुख्य परीक्षाओं का अपडेटेड कैलेंडर: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रमुख परीक्षाओं का जो अपडेटेड कैलेंडर जारी किया है, उसके अनुसार...
उत्तराखंड सचिवालय एवं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, अपर निजी परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च 2026 को आयोजित होगी. इसी तरह महिला कल्याण विभाग की अधीक्षिका परीक्षा-2025 की स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च 2026 को होगी.
न्यायिक विभाग की उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2023 मुख्य परीक्षा 21 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी. कार्मिक विभाग की उत्तराखंड सम्मिलित राज्य (सिविल)/ प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल 2026 को बीच होगी.
इसी तरह माध्यमिक शिक्षा विभाग की राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षाओं में भौतिक शास्त्र की परीक्षा 9 मई 2026 और नागरिक शास्त्र की मुख्य परीक्षा 10 मई 2026 को होगी.
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ही राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षाओं में हिंदी की परीक्षा 30 मई 2026 को होगी. इतिहास की मुख्य परीक्षा 31 मई 2026 को संपन्न होगी.
यूकेपीएससी ने नोट भी दिया: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम के साथ जो नोट दिया है, उसके अनुसार- परीक्षा की ये तिथियों संभावित हैं. परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है. डेयरी विकास विभाग के अंतर्गत सहायक निदेशक परीक्षा-2025 जो पूर्व में दिनांक 12 अप्रैल 2026 को होनी प्रस्तावित थी, के संबंध में परीक्षा तिथि/सूचना अग्रेत्तर आदेश तक स्थगित रखी गई है.
इसके साथ ही उत्तराखंड सचिवालय/उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा (लेखा)-2024 की दिनांक 3 एवं 4 सितंबर 2025 को मुख्य परीक्षा संपन्न हुई थी. मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद कम्प्यूटर परीक्षा की तिथि का निर्धारण किया जाएगा.
एक और नोट के अनुसार-राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता परीक्षा-2024 के शेष विषयों की परीक्षा तिथियां यथाशीघ्र घोषित की जाएंगी. वहीं सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 की साक्षात्कार परीक्षा दिनांक 16 मार्च 2026 से प्रस्तावित है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग का ये पत्रांक परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा के द्वारा जारी किया गया है.