नौतपा से पहले ही तपने लगा उत्तराखंड: रुड़की 41.8°C के साथ सबसे गर्म; पंतनगर और खटीमा में भी पारा 40 पार, लू का अलर्ट
Uttarakhand Heats Up Even Before 'Nautapa'
काशीपुर। Uttarakhand Heats Up Even Before 'Nautapa'---नौतपा 25 मई से शुरू होगा, लेकिन उससे पहले ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। सूरज जैसे आग उगल रहा है।
गुरुवार को कुमाऊं के पंतनगर, खटीमा समेत प्रदेश के पांच स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। बुधवार को चार स्थान इस श्रेणी में थे। गुरुवार को खटीमा में भी पारा 40 पार पहुंच गया।
ऊधम सिंह नगर जिले के साथ ही नैनीताल के मैदानी हिस्सों में लू चलने से जनजीवन प्रभावित रहा। 23 मई तक लू जैसी स्थिति रह सकती है।
रुड़की सर्वाधिक गर्म
गुरुवार को 41.8 डिग्री तापमान के साथ रुड़की सर्वाधिक गर्म रहा। पंतनगर में 40.4 डिग्री तापमान रहा। सामान्य की अपेक्षा यह 3.4 डिग्री अधिक है। बुधवार का पारा 40.5 डिग्री था। खटीमा में गुरुवार को पारा 40.5 डिग्री रहा। तराई में सुबह 10 बजे ही तापमान 35 डिग्री से ऊपर पहुंच रहा है।
शाम पांच बजे तापमान 38 डिग्री से नीचे नहीं उतरा। लू के थपेड़ों से घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन मैदानी क्षेत्रों में खास बदलाव की संभावना नहीं है। हीटवेव से बचाव के लिए सुबह 11 से शाम पांच बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।